स्नातक मतगणना के दौरान धांधली का आरोप लगाकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा

स्नातक मतगणना के दौरान धांधली का आरोप लगाकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा

स्नातक मतगणना के दौरान धांधली का आरोप लगाकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
Modified Date: November 29, 2022 / 08:37 pm IST
Published Date: December 4, 2020 11:21 am IST

झांसी (उप्र) चार दिसंबर (भाषा) इलाहाबाद झांसी स्नातक खंड निर्वाचन क्षेत्र के मतगणना के दौरान धांधली का आरोप लगाते हुये शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ नोकझोंक हुई और उन्होंने मतगणना केंद्र में कथित तौर पर घुसने का प्रयास भी किया ।

पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे भाजपा के जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा, पार्टी नेता प्रदीप सरावगी और अन्य कार्यकर्ता मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुये मतगणना केंद्र में घुसने का प्रयास करने लगे ।

एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक इस पर पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोका, इस दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच बहस भी हुई । बाद में पुलिस ने उन्हें वहां से हटा दिया । लेकिन इस बीच भाजपा के नगर विधायक रवि शर्मा और अन्य कार्यकर्ता मतगणना केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गये और दोबारा मतगणना की मांग करने लगे, उनका आरोप था कि भाजपा के वोटो को समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में गिना गया है ।

वहीं दूसरी तरफ धरने पर बैठे समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष महेश कश्यप ने कहा कि अपनी हार को सामने देख भाजपा नेता मतगणना केंद्र से मत पेटिका लूटने के प्रयास में थे।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मान सिंह यादव पहले दौर की मतगणना से ही भाजपा के यज्ञ दत्त शर्मा से आगे चल रहे है ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने बताया कि कुछ लोगों ने मतगणना केंद्र के अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया लेकिन उन्हें वहां से हटा दिया गया ।

इस बीच समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर कर आरोप लगाया कि भाजपा नेता प्रदीप सरावगी ने पुलिस अधीक्षक विवेक त्रिपाठी पर हमला किया और उनका कालर पकड़ा । पार्टी ने इस घटना का वीडियो भी साझा किया है और सरावगी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की ।

भाषा सं जफर

रंजन

रंजन


लेखक के बारे में