सहारनपुर से लापता बच्चे का शव खेत से मिला

Ads

सहारनपुर से लापता बच्चे का शव खेत से मिला

  •  
  • Publish Date - December 19, 2020 / 11:49 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:57 PM IST

सहारनपुर (उप्र), 19 दिसंबर (भाषा) सहारनपुर जिले में देवबंद थाना के अन्तर्गत ग्राम भायला से 15 दिसंबर को लापता हुए 13 वर्षीय लड़के का शव एक खेत से बरामद हुआ है। शव अर्धनग्न अवस्था में मिला है और चेहरे को बुरी तरह से कुचल दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक (देहात) अतुल शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि भायला निवासी प्रमोद कुमार का 13 वर्षीय पुत्र कार्तिक 15 दिसंबर को घर के बाहर से खेलते हुए अचानक लापता हो गया था।

उन्होंने बताया कि परिजनो ने रातभर उसकी तलाश की और पता नहीं चलने पर 16 दिसंबर को पुलिस को इसकी सूचना की।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार देर शाम कार्तिक के घर के पास स्थित एक खेत पर किसान सिंचाई करने गया तो उसने वहां शव देखा और पुलिस को सूचना दी।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे की शिनाख्त प्रमोद के पुत्र कार्तिक के रूप में की।

शर्मा ने बताया कि लड़के का शव अर्धनग्न हालत में मिला है और पहचान मिटाने के लिये उसे बुरी तरह से कुचला गया है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

भाषा सं धीरज

धीरज