बेटी ही निकली घर से लाखों के स्वर्णाभूषण के चोरी की आरोपी, जानिए पूरा माजरा

Ads

बेटी ही निकली घर से लाखों के स्वर्णाभूषण के चोरी की आरोपी, जानिए पूरा माजरा

  •  
  • Publish Date - July 2, 2018 / 12:45 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:57 PM IST

रायपुर। पंडरी थाना क्षेत्र के अशोका रतन के एक घर से हुई साढ़े तीन लाख की चोरी में नौकरानी नहीं बल्कि घर की ही लड़की आरोपी निकली है। एफआईआर लिखाने वाले पीड़ित की बेटी ने ही घर से जेवरात चुराकर पड़ोस में रहने वाले एक युवक को दे दिए थे। पड़ोसी युवक जब उन जेवरों को बेचने के लिए ज्वेलरी शॉप पहुंचा तब मामले का खुलासा हुआ।

दरअसल 23 जून को अशोका रतन निवासी कंसल्टेंसी फर्म के डायरेक्टर विनोद अग्रमोदी की पत्नी सुनीता ने ने रिपोर्ट लिखाई थी कि उनके घर से 200 ग्राम वजनी एक सोने का हार, 40 ग्राम वजनी दो टाप्स, 10 ग्राम वजनी एक सोने की अंगूठी, आठ ग्राम वजनी एक सोने का मांग टीका, दो नग 20 ग्राम वजनी सोने की चूड़ी, 18 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र तथा पांच ग्राम वजनी दो नग कान के छोटे टाप्स गायब हो गए हैं। इसकी जानकारी उन्हें तब हुई जब उन्होंने किसी पारिवारिक कार्यक्रम में जाने के लिए अलमारी का लॉकर खोला। लॉकर खोलने पर उन्होंने पाया कि ये सब जेवरात गायब हैं। इन गहनों की कीमत 3 लाख 22 हजार रुपए आंकी गई है।

यह भी पढ़ें : भाजपा विधायक दल की बैठक में आईएएस ने दिया प्रेजेंटेशन, जनहित याचिका दायर

सुनीता अग्रमोदी ने पुलिस को जानकारी दी थी कि चोरी गए सारे जेवर शादी में ससुराल पक्ष से मिले थे। उन्होंने तीन महीने पहले आलमारी के लॉकर में अंतिम बार इन जेवरों को सही सलामत रखा था, इसके बाद दोबारा जेवरों की जरूरत नहीं पड़ी। जेवर गायब पाकर उन्होंने घर के दोनों नौकर और नौकरानियों से पूछताछ की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने नौकरानियों को संदेह के दायरे में रखते हुए उनसे पूछताछ की लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।

पुलिस छानबीन में लगी ही थी कि मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ज्वेलरी शॉप में सोने के जेवरात परखवाने के लिए पहुंचा है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उस युवक से पूछताछ की। युवक ने अपना नाम सहदेव धीवर निवासी कांपा पंडरी (29) बताया। पहले तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा। लेकिन जब उसे क्राइम ब्रांच ले जाकर पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गया। उसने बताया कि उसे ये सब जेवरात सुनीता अग्रमोदी की बेटी भाविका (26) ने बेचने के लिए दिए थे।

यह भी पढ़ें : बहुविवाह और हलाला के खिलाफ याचिकाओं की जल्द सुनवाई पर विचार करेगा सुप्रीम कोर्ट

हैरान पुलिस ने फिर भाविका अग्रमोदी से पूछताछ की। भाविका ने स्वीकार किया कि पैसे की कमी होने के कारण उसने अपने ही घर से अपनी मां के सोने के गहनों को चोरी कर पड़ोस में रहने वाले सहदेव को दिए थे। गहनों को बेचने के बाद सहदेव रुपए भाविका को लाकर देता। फिलहाल पुलिस सहदेव और भाविका दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

वेब डेस्क, IBC24