कर्ज से परेशान किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या की
कर्ज से परेशान किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या की
हमीरपुर (उप्र), 18 सितंबर (भाषा) हमीरपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के अमिरता डेरा गांव में कथित रूप से कर्ज में डूबे एक किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली ।
अपर जिलाधिकारी (एडीएम) विनय प्रकाश श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बताया, ‘सदर कोतवाली क्षेत्र के अमिरता डेरा गांव में बृहस्पतिवार को किसान महेंद्र वर्मा (46) के अपनी जमीन पर बने ट्यूबवेल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या किये जाने की सूचना मिली थी। जिसके बारे में राजस्व अधिकारियों को भेजकर जांच कराई जा रही है।’
उन्होंने कहा कि ‘जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।’
किसान के छोटे भाई इंद्रेश वर्मा ने पुलिस को बताया, ‘बड़े भाई महेंद्र के हिस्से में छह बीघा कृषि भूमि है और उसके चार बेटी और एक बेटा है। उसने एक बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड से 42 हजार और यूनियन बैंक से 80 हजार रुपये कर्ज लिया था, जो अब बढ़कर बहुत ज्यादा हो गया है।’
पुलिस ने किसान के परिजन के हवाले से बताया, ‘किसान की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं हैं, संभवतः कर्ज और आर्थिक तंगी के कारण उसने आत्महत्या की है। पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजन को दे दिया गया है और राजस्व अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।’
भाषा सं जफर शोभना
शोभना

Facebook


