उप्र के सभी जिलों में कोविड टीकाकरण का पूर्वाभ्‍यास

Ads

उप्र के सभी जिलों में कोविड टीकाकरण का पूर्वाभ्‍यास

  •  
  • Publish Date - January 5, 2021 / 07:17 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:08 PM IST

लखनऊ, पांच जनवरी (भाषा) उत्‍तर प्रदेश के सभी जिलों में मंगलवार को कोरोना टीकाकरण का पूर्वाभ्यास (ड्राई रन) सफलतापूर्वक पूरा हुआ।

टीकाकरण के संदर्भ में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने समीक्षा बैठक कर आवश्‍यक दिशा निर्देश जारी किये और कहा कि ”केंद्र सरकार ने कोरोना टीकाकरण के लिए जो प्राथमिकता क्रम तय किया है, हर हाल में उसका अक्षरशः पालन किया जाए और कोई भी कितना महत्वपूर्ण व्यक्ति क्यों न हो, तय क्रम आने के बाद ही उसका टीकाकरण किया जाए।”

मुख्‍यमंत्री योगी मंगलवार को यहां वीडियो कांफ्रेंस के जरिये प्रदेश के सभी मंडलायुक्‍तों, जिलाधिकारियों, पुलिस और अन्‍य वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे।

आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्‍यमंत्री ने टीकाकरण को लेकर किसी तरह का भ्रम अथवा अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों के साथ पुलिस को सख्‍ती से निपटने के निर्देश दिए।

राज्य के सभी 75 जिलों में तीन शहरी और तीन ग्रामीण केंद्रों पर यह पूर्वाभ्यास किया गया। कुछ जिलों में छह से अधिक केंद्रों पर भी यह कवायद की गई।

इसके पहले मुख्यमंत्री ने मंगलवार को यहां राम मनोहर लोहिया अस्पताल का दौरा कर कोरोना टीकाकरण के लिये वहां चल रहे पूर्वाभ्यास (ड्राई रन) का निरीक्षण किया।

पूर्वाभ्यास के अंतर्गत चिकित्सा संस्थान में संचालित गतिविधियों पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने संपूर्ण प्रदेश में इसे सुव्यवस्थित तरीके से करने के निर्देश दिए हैं।

एक सरकारी बयान के मुताबिक निरीक्षण के बाद यहां लोक भवन में आयोजित बैठक में ‘अनलॉक’ व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “आज संपूर्ण प्रदेश में कोरोना टीके का ड्राई रन आयोजित किया जा रहा है। प्रत्येक जनपद के तीन ग्रामीण तथा तीन शहरी क्षेत्रों में इसके तहत कार्यवाही प्रगति पर है। कोरोना टीकाकरण कार्य को प्रदेश में सुचारु ढंग से सम्पन्न करने में ड्राई रन अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।”

उन्होंने कहा कि कोरोना टीकाकरण का कार्य प्रत्येक दशा में भारत सरकार द्वारा निर्धारित क्रम के अनुरूप किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कोरोना वायरस के नए स्वरूप के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इसे देखते हुए पीड़ित के संपर्क में आए लोगों की पहचान का कार्य प्रभावी ढंग से सम्पन्न किया जाए और निगरानी तंत्र को सक्रिय एवं सुदृढ़ बनाए रखा जाए। उन्होंने कोविड-19 की जांच को पूरी क्षमता से संचालित करने के निर्देश भी दिए हैं।

मुख्‍यमंत्री ने जिले स्‍तर पर कोरोना टीकाकरण अभियान के लिए जिलाधिकारी, वरिष्‍ठ पुलिस अधीक्षक और मुख्‍य चिकित्‍साधिकारी को जवाबदेह बनाया है।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि वैक्‍सीन (टीका) के प्रति लोगों में आतुरता स्वाभाविक है, लेकिन यह आतुरता किसी भी दशा में टीका की सुरक्षा के लिए नुकसानदायक नहीं होनी चाहिए, इसलिए टीका की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान से जुड़े सभी स्थलों पर केवल अधिकृत व्यक्ति ही रहें। सतत निगरानी के लिए नोडल अधिकारी तैनात हों जो टीकाकरण केंद्रों पर भ्रमण करते रहें।

अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य ने मुख्यमंत्री को बताया कि सभी जिलों में आवश्यक तैयारियाँ लगभग पूरी हो गई हैं। शेष कार्य तेजी के साथ जारी है।

भाषा आनन्‍द जफर

Shafeeq देवेंद्र

देवेंद्र