बहराइच में अवैध बारूद व बड़ी मात्रा में सुतली बम के साथ एक गिरफ्तार

Ads

बहराइच में अवैध बारूद व बड़ी मात्रा में सुतली बम के साथ एक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - October 19, 2020 / 06:00 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:09 PM IST

बहराइच (उप्र), 19 अक्टूबर (भाषा) बहराइच जिले के थाना खैरीघाट क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध बारूद व बड़ी संख्या में सुतली बमों के साथ एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अशोक कुमार ने सोमवार को बताया कि थाना खैरीघाट अंतर्गत शिवपुर बाजार में आरिफ की इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है और वह दुकान के पीछे अवैध पटाखा फैक्टरी चला रहा था।

पुलिस को रविवार शाम इस बारे में सूचना मिली और जब छापेमारी की गई तो मौके पर 1,250 सुतली बम, 21 किलोग्राम अवैध बारूद व बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री बरामद हुई जिससे हजारों सुतली बम बनाए जा सकते थे।

एएसपी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पटाखे बनाने की आड़ में कहीं अपराधियों को बम तो सप्लाई नहीं करता था। फिलहाल ऐसे कोई सुराग नहीं मिले हैं।

उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2018 में एक पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के सिलसिले में दर्ज गैर इरादतन हत्या के मामले में इन दिनों आरिफ जमानत पर था। उस घटना में आरिफ के सगे भाई सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी।

कुमार ने कहा कि अब पुलिस 2018 के मामले में आरिफ को मिली जमानत को निरस्त कराने के लिए भी अदालत से दरख्वास्त करेगी।

भाषा सं. जफर मानसी

मानसी