रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह शनिवार 10 फरवरी को जो बजट पेश कर रहे हैं, उसपर न सिर्फ जनता बल्कि राजनीतिक दलों की भी निगाहें टिकी हैं। कारण ये है कि छत्तीसगढ़ में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं और भाजपा के सबसे ज्यादा समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड कायम कर चुके रमन सिंह चौथी पारी खेल पाएंगे या नहीं, ये इसी साल तय होना है। अभी तक के संकेतों के मुताबिक भाजपा इस बार भी रमन सिंह के नेतृत्व में भी छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही है। खास बात ये है कि डॉ. रमन सिंह 2004 में पहली बार छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बनने से लेकर अभी तक वित्तमंत्री का प्रभार भी संभालते रहे हैं। सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रमन सिंह ने ट्वीट करके बताया है कि यूजर्स उनका बजट भाषण उनके फेसबुक पर लाइव भी देख सकते हैं।
छत्तीसगढ़ का विकास बजट, आपका अपना बजट देखने के लिए मुझसे फेसबुक के ज़रिए जुड़ें। #CGBudget2018 pic.twitter.com/Mf986P2RfR
— Dr Raman Singh (@drramansingh) February 10, 2018
छत्तीसगढ़ विधानसभा में बजट पेश करने के बाद मुख्यमंत्री जनता के सवालों का जवाब देंगे और एक बार फिर इसका माध्यम होगा सोशल मीडिया का फेसबुक प्लेटफॉर्म। रमन सिंह ने ट्वीट करके कहा है कि शनिवार दोपहर 3 बजे से वो फेसबुक पर जनता के सवालों का जवाब देंगे और कोई भी उनसे बजट को लेकर अपने सवाल पूछ सकता है।
आप मुझसे कल दोपहर 3 बजे से #CGBudget2018 से संबंधित अपने समस्त प्रश्न फेसबुक के माध्यम से पूछ सकते हैं, मुझे आपके प्रश्नों के उत्तर देकर बहुत खुशी होगी। pic.twitter.com/iNCLWCSqSF
— Dr Raman Singh (@drramansingh) February 9, 2018
इससे पहले, छत्तीसगढ़ सीएम रमन सिंह ने ट्विटर पर ही तस्वीर पोस्ट करके ये बताया था कि देर रात तक वो जनता के बजट को आखिरी रूप देने में जुटे हुए थे। अब देखना ये होगा कि उनका बजट जनता का दिल जीतने में कितना कामयाब हो पाता है, क्योंकि चुनावी साल में चुनावी बजट का जो अनुमान लगाया जा रहा है, उससे जनता की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।
वेब डेस्क, IBC24