रायपुर। महासमुंद के निर्दलीय विधायक विमल चोपड़ा और उनके समर्थकों पर हुई लाठीचार्ज का मामला गरमाता जा रहा है। विमल चोपड़ा ने अपने समर्थकों के साथ गुरुवार देर रात मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी दी। साथ ही लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियो की शिकायत करते हुए ये भी कहा कि प्रशिक्षु IPS उदय किरण की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, जिसकी जांच होनी चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने कोच को थप्पड मारने वाले सब इंस्पेक्टर को तत्काल सस्पेंड करने के साथ हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज से पूरे मामले की जांच की मांग की। करीब एक घंटे तक हुई मुलाकात के दौरान राजस्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे भी मौजूद थे। विमल चोपड़ा ने इस मुलाकात के बाद कहा कि स्वास्थ्य मंत्री मामले में एक रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री को देंगे, जिसके बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
जाने पूरा मामला-
आपको बतादें मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन की तैयारी के दौरान एक महिला खिलाड़ी से छेड़छाड़ के बाद विवाद हुआ था। इस मामले की शिकायत करने के लिए कुछ युवक थाने पहुंचे। इनमें से एक युवक से पुलिस अफसर ने दुर्व्यवहार किया। इसके बाद वे विधायक विमल चोपड़ा के पास पहुंचे। विधायक इन युवकों को साथ लेकर थाने गए। यहां बताया जाता है कि विधायक के साथ भी आईपीएस उदय किरण ने दुर्व्यवहार किया।
इसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। विधायक के नेतृत्व में उन्होंने थाने का घेराव कर दिया। इससे गुस्साए पुलिस अफसर ने लाठीचार्ज के आदेश दे दिए। पुलिसवालों ने विधायक को भी नहीं बख्शा। उनकी पीठ, हाथ पर चोट के कई निशान है। घायल विधायक और सिपाही को अस्पताल भेजा गया। आईपीएस उदय किरण को ऐसे ही विवादों के बाद बिलासपुर से हटाया गया था।
ये भी पढ़ें- पुलिस के परिवारवालों के आंदोलन से हरकत में आई सरकार, गृहमंत्री ने गिनाईं दी जाने वाली सुविधाएं
कुछ दिन पीएचक्यू में रखने के बाद हाल ही में महासमुंद पोस्टिंग की गई थी। बैडमिंटन की महिला खिलाड़ियों से छेड़छाड़ के मामले में थाने का घेराव करने पहुंचे लोगों पर पुलिस ने जमकर लाठी चार्ज किया। विवाद के बाद पुलिस ने दोनों पक्षो की रिपोर्ट पर कांउटर FIR दर्ज किया है। विधायक के अलावा करीब 15 लोग घायल हो गए हैं। घटना से गुस्साए विधायक विमल चोपड़ा ने आज महासमुंद बंद का ऐलान करते हुए इस्तीफा तक देने की धमकी दी है।
वेब डेस्क, IBC24