कांग्रेस प्रत्याशी देर से पहुंचे, दफ्तर में जमकर गालीगलौज,पार्टी नेताओं ने कहा-चुनाव जीत कर बताओ
कांग्रेस प्रत्याशी देर से पहुंचे, दफ्तर में जमकर गालीगलौज,पार्टी नेताओं ने कहा-चुनाव जीत कर बताओ
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रचार का पहला ही दिन पार्टी प्रत्याशी के लिए मुसीबत बन गया। रविवार को कांग्रेस भवन में यहां के कांग्रेस प्रत्याशी शैलेश पांडे के साथ पार्टी के ही नेताओं ने जमकर गाली गलौज की और उन्हें धमकी दे डाली कि वह यहां से चुनाव जीतकर बताएं।
दरअसल यह आक्रोश कांग्रेस प्रत्याशी शैलेश पांडे के देर से कांग्रेस भवन पहुंचने पर भड़का। वैसे भी स्थानीय कांग्रेसी नेता पहले से ही शैलेश पांडे को प्रत्याशी बनाए जाने का विरोध कर रहे हैं। यहां अटल श्रीवास्तव, अशोक अग्रवाल समेत कई नेता पार्टी की टिकट की दावेदारी कर रहे थे, लेकिन टिकट दे दिया गया कोटा से दावेदारी कर रहे शैलेश पांडे को। इससे स्थानीय नेता नाराज हो गए लेकिन फिर भी पार्टी के निर्देशों पर रविवार को जिले के शहर के कई बड़े कांग्रेसी नेता कांग्रेस भवन में जुटे थे।
यह भी पढ़ें : बीजेपी-कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप,सिंघवी ने आरएसएस को कहा मंथरा,जैन ने पूछा-सिब्बल मारीच हैं क्या
इन्हें 12:00 बजे से मीटिंग और पार्टी प्रचार की शुरुआत की जानकारी दी गई थी। अशोक अग्रवाल ,पूर्व मेयर वाणी राव, पूर्व विधायक अरुण तिवारी समेत करीब 200 नेता कार्यकर्ता यहां पहुंच गए थे लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी शैलेश पांडे एक बजे तक नहीं पहुंचे। जब शैलेश कांग्रेस भवन पहुंचे वरिष्ठ नेताओं ने उनसे पहली ही बैठक में लेट होने को लेकर नाराजगी जताई। इस पर शैलेश अपनी सफाई देने लगे तभी आवास संघ के प्रदेश अध्यक्ष और बिलासपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक अग्रवाल से उनकी बहस हो गई।
यह भी पढ़ें : थरुर ने मोदी पर कसा तंज, बताया सफेद घोड़े पर हाथ में तलवार लेकर बैठा हीरो
इस बहस के बाद कई नेताओं ने शैलेश को जमकर फटकार लगाई। नाराज अशोक अग्रवाल, पूर्व विधायक अरुण तिवारी, पूर्व मेयर वाणी राव समेत कई नेता कांग्रेस भवन से निकल गए। जाते-जाते इन नेताओं ने यह भी कह दिया कि ऐसा व्यवहार है तो कैसे चुनाव जीतोगे। अब मान मनौवल्ल का दौर पार्टी में शुरू हो गया है, लेकिन प्रचार के पहले ही दिन हुए इस झगड़े ने बिलासपुर में कांग्रेस के अंतर्कलह को उजागर कर दिया है।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


