(Reliance Industries AGM/ Image Credit: AI-generated)
नई दिल्ली: Reliance Industries AGM: रिलायंस इंडस्ट्रीज की वार्षिक आम बैठक (AGM) आज आयोजित होने जा रही है। इस बार की AGM को लेकर निवेशकों और बाजार की खास नजर बनी हुई है। पिछले एक साल में कंपनी के शेयर में उम्मीद के मुताबिक तेजी देखने को नही मिली। जिससे निवेशकों की संपत्ति में करीब 1.5 लाख करोड़ रुपये की कमी आई है। ऐसे में हर किसी को उम्मीद है कि मुकेश अंबानी भविष्य की योजनाओं को लेकर कुछ बड़े ऐलान कर सकते हैं। माना जा रहा है कि यह बैठक कंपनी की अगली ग्रोथ रणनीति की दिशा तय कर सकती है।
इस AGM में सबसे अधिक चर्चा रिलायंस जियो के संभावित IPO को लेकर हो सकती है। कंपनी पहले संकेत दे चुकी है कि जियो को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने की योजना है। हालांकि अब तक इस दिशा में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि जियो IPO को लेकर कोई बड़ा अपडेट मिलता है तो इससे रिलायंस के शेयरों को नई मजबूती मिल सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार यह देश के सबसे बड़े IPO में से एक साबित हो सकता है।
रिलायंस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को अपने भविष्य की बड़ी ताकत मान रही है। कंपनी पहले ही डेटा सेंटर और AI से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स में निवेश कर चुकी है। निवेशकों की दिलचस्पी इस बात में है कि इन प्रोजेक्ट्स से कंपनी को कमाई कब शुरू होगी और आगे की रणनीति क्या होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि AGM में AI बिजनेस के रोडमैप और संभावित अवसरों को लेकर अहम जानकारी मिल सकती है।
रिलायंस का न्यू एनर्जी बिजनेस भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। कंपनी सोलर मॉड्यूल, बैटरी निर्माण और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में बड़े निवेश कर रही है। कई परियोजनाओं पर काम तेजी से चल रहा है और आने वाले समय में इनका व्यावसायिक लाभ मिलने की उम्मीद है। निवेशक जानना चाहते हैं कि इन प्रोजेक्ट्स की प्रगति क्या है और भविष्य में इससे कंपनी की कमाई पर कितना असर पड़ेगा।
वित्त वर्ष 2025-26 में रिलायंस ने शानदार वित्तीय प्रदर्शन किया। कंपनी का राजस्व, मुनाफा और परिचालन आय सभी में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बावजूद शेयरों में वैसी तेजी नहीं आई जिसकी निवेशकों ने उम्मीद की थी। अब बाजार सिर्फ अच्छे नतीजे नहीं, बल्कि जियो, रिटेल, AI और नई ऊर्जा कारोबार से जुड़ी ठोस योजनाएं और वैल्यू अनलॉकिंग के संकेत चाहता है। ऐसे में आज की AGM में मुकेश अंबानी के हर ऐलान पर निवेशकों की नजर रहेगी।
नोट:-शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।