Stock Market 14 May 2026: सुबह-सुबह गिफ्ट निफ्टी से आया ऐसा इशारा, आज शेयर बाजार बना सकता है निवेशकों को मालामाल

Ads

Stock Market 14 May 2026: सेंसेक्स की साप्ताहिक एक्सपायरी से पहले वैश्विक बाजारों का माहौल मजबूत दिख रहा है। गिफ्ट निफ्टी करीब 90 अंक चढ़ा है, जबकि एशियाई बाजारों में भी तेजी है। टेक शेयरों में खरीदारी से अमेरिकी बाजारों में जोरदार बढ़त रही और नैस्डैक व S&P 500 नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे।

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 08:55 AM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 08:55 AM IST

(Stock Market 14 May 2026/ Image Credit: IBC24 News)

HIGHLIGHTS
  • गिफ्ट निफ्टी 90 अंक चढ़ा, बाजार खुलने के मजबूत संकेत
  • नैस्डैक और S&P 500 नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे
  • ट्रंप और शी जिनपिंग की बैठक पर दुनियाभर की नजर

नई दिल्ली: Stock Market 14 May 2026 in India: सेंसेक्स की साप्ताहिक एक्सपायरी के दिन भारतीय शेयर बाजार को वैश्विक बाजारों से अच्छे संकेत मिल रहे हैं। गिप्ट निफ्टी करीब 90 अंक की बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया, जिससे घरेलू बाजार की मजबूत शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं। एशियाई बाजारों में भी खरीदारी का माहौल रहा। जबकि डाओ फ्यूचर्स में हल्की तेजी देखने को मिली। दूसरी तरफ कच्चे तेल की कीमतों में थोड़ी नरमी बनी रही जो भारतीय बाजार के लिए राहत की बात मानी जा रही है।

ट्रंप और शी जिनपिंग की मुलाकात पर नजर

बीजिंग में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच अहम बैठक जारी है। यह पिछले नौ साल में किसी अमेरिकी राष्ट्रपति का चीन का पहला सरकारी दौरा माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच व्यापार, ग्लोबल इकोनॉमी और पश्चिम एशिया तनाव जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है। बाजार इस बैठक के नतीजों पर करीबी नजर बनाए हुए है क्योंकि इससे दुनिया की अर्थव्यवस्था और ट्रेड संबंधों पर बड़ा असर पड़ सकता है।

एशियाई बाजारों का मिला-जुला कारोबार

गुरुवार को एशिया-पैसिफिक बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। जापान का निक्केई इंडेक्स 0.27 प्रतिशत मजबूत हुआ, जबकि टॉपिक्स इंडेक्स हल्की गिरावट में रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.38 फीसदी चढ़ा और कोस्डैक में 1.31 प्रतिशत की तेजी आई। वहीं ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 इंडेक्स मामूली कमजोरी के साथ कारोबार करता दिखा। हांगकांग के हैंग सेंग फ्यूचर्स भी बढ़त में रहे। जिससे निवेशकों का भरोसा बना हुआ है।

अमेरिकी बाजारों में रिकॉर्ड तेजी

वॉल स्ट्रीट में टेक शेयरों की मजबूत खरीदारी से बाजार नई ऊंचाई पर पहुंच गए। S&P 500 इंडेक्स 0.58 प्रतिशत चढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। जबकि नैस्डैक कंपोजिट 1.2 प्रतिशत की तेजी के साथ ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। हालांकि डॉव जोन्स इंडेक्स मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मजबूत कॉर्पोरेट नतीजों की उम्मीद ने निवेशकों के भरोसे को बढ़ाया है।

बड़े बिजनेस लीडर्स पर फोकस

अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में भी बढ़त दर्ज की गई। 10 साल की बॉन्ड यील्ड 4.47 प्रतिशत तक पहुंच गई, जबकि 30 साल की यील्ड 5 प्रतिशत के ऊपर चली गई। ट्रंप के चीन दौरे में कई बड़े कारोबारी चेहरे भी शामिल हुए हैं। इनमें टेस्ला के एलन मस्क, एप्पल के CEO टिम कुक और एनवीडिया के CEO जेनसन हुआंग प्रमुख रहे। इससे टेक और ग्लोबल बिजनेस सेक्टर को लेकर निवेशकों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं।

नोट:-शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।

इन्हें भी पढ़ें: 

गिफ्ट निफ्टी में तेजी का क्या मतलब है?

गिफ्ट निफ्टी में बढ़त यह संकेत देती है कि भारतीय शेयर बाजार मजबूत शुरुआत कर सकता है।

ट्रंप और शी जिनपिंग की मुलाकात क्यों अहम है?

इस बैठक से अमेरिका-चीन व्यापार संबंध और ग्लोबल इकोनॉमी पर असर पड़ सकता है।

अमेरिकी बाजारों में तेजी की बड़ी वजह क्या रही?

टेक शेयरों में खरीदारी और AI सेक्टर से जुड़ी उम्मीदों ने बाजार को सपोर्ट दिया।

क्या कच्चे तेल में नरमी भारत के लिए अच्छी खबर है?

हाँ, क्रूड ऑयल सस्ता होने से भारत के आयात खर्च और महंगाई पर दबाव कम हो सकता है।