(Stock Market 27 April 2026/ Image Credit: IBC24 News)
नई दिल्ली: Stock Market 27 April 2026 in India: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ती कूटनीतिक हलचल ने वैश्विक बाजारों के रूख को बेहतर कर दिया है। ईरान के नए प्रस्ताव के बाद कच्चे तेल की कीमतें गिरकर 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई। इससे महंगाई और लागत को लेकर चिंता कुछ हद तक कम हुई है। गिफ्ट निफ्टी में 200 अंकों से ज्यादा की तेजी दिख रही है जो भारतीय बाजार में मजबूत शुरुआत का संकेत दे रही है। एशियाई बाजारों में भी सकारात्मक रुख है और निक्केई करीब 1.5% ऊपर ट्रेड कर रहा है।
ईरान ने अमेरिका को प्रस्ताव दिया है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए तैयार है लेकिन इसके बदले न्यूक्लियर वार्ता को अगले चरण तक टालने और अमेरिकी प्रतिबंध हटाने की शर्त रखी है। इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने भी संकेत दिया है कि जल्द ही कोई अच्छी खबर सामने आ सकती है। इन घटनाओं से जियोपॉलिटिकल तनाव कम होने की उम्मीद जगी है। जिसका सीधा असर बाजारों पर दिख रहा है।
शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में टेक शेयरों की अगुवाई में जोरदार तेजी देखने को मिली। नैस्डैक 1.5% से ज्यादा उछल गया। जबकि S&P 500 भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ। सेमीकंडक्टर और टेक कंपनियों में खरीदारी बढ़ी जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ। हालांकि डॉओ जोन्स में हल्की गिरावट दर्ज की गई।
IDFC फर्स्ट बैंक ने मार्च 2026 तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। बैंक का नेट प्रॉफिट करीब 5% बढ़कर 319 करोड़ रुपये रहा। जो पिछले साल इसी अवधि के दौरान 304 करोड़ रुपये था। बैंक की कुल आय बढ़कर 12,183 करोड़ रुपये हो गई। जबकि ब्याज आय भी बढ़कर 10,553 करोड़ रुपये पहुंच गई।
फार्मा सेक्टर में एक बड़ी डील देखने को मिली है। सन फार्मा अमेरिकी कंपनी ऑर्गेनॉन में पूरी हिस्सेदारी खरीदने जा रही है। यह सौदा करीब 12 बिलियन डॉलर के एंटरप्राइज वैल्यू पर होगा। इस अधिग्रहण के बाद सन फार्मा दुनिया की टॉप 10 बायोसिमिलर कंपनियों में शामिल हो सकती है और महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े कारोबार में उसकी पकड़ मजबूत होगी।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि हालिया गिरावट मुख्य रूप से वैश्विक जोखिमों के कारण थी, न कि घरेलू कमजोरी के कारण। कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, करेंसी पर दबाव और जियोपॉलिटिकल तनाव निवेशकों को सतर्क बनाए हुए हैं। जब तक तेल की कीमतों में स्थिरता और वैश्विक जोखिमों में कमी नहीं आती तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। फिलहाल ग्लोबल संकेत थोड़ी राहत दे रहे हैं।
नोट:-शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।