(Zomato Vs Swiggy, Image Credit: ANI News)
Zomato Vs Swiggy: मंगलवार, 22 जुलाई 2025 को ऑनलाइन फूड डिलीवरी सेक्टर के दिग्गजों Zomato (Eternal ltd) और Swiggy के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। एक ओर जहां स्विगी के शेयरों में 8 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, तो वहीं, जोमैटो के शेयर में 12% से ज्यादा की जबरदस्त उछाल दिखाई दी है।
इस रैली की बड़ी वजह निर्मल बैंग इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की पॉजिटिव रिपोर्ट है जिसमें दोनों कंपनियों को ‘BUY’ की रेटिंग दी गई है। रिपोर्ट में स्विगी के लिए 500 रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो वर्तमान स्तर से 26 प्रतिशत तेजी की संभावना को दर्शाता है।
ब्रोकरेज फर्म निर्मल बैंग के अनुसार 2023 से 2028 तक फूड डिलीवरी बाजार में 1722% की वार्षिक वृद्धि की संभावना है, जिसका बड़ा फायदा स्विगी को मिल सकता है। FY27 तक राजस्व 8,850 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। Q4 FY25 में जोमैटो के साथ मुनाफे का अंतर कम होकर 81 बेसिस प्वाइंट रह गया है। वहीं, क्विक कॉमर्स बिजनेस इंस्टामार्ट के लिए 412 नए डार्क स्टोर खोलने का प्लान FY27 तक प्रॉफिट में बदल सकता है।
FY25 में Zomato (Eternal) ने 38,646 करोड़ रुपये का GOV दर्ज किया, जो स्विगी से 34% ज्यादा है। समायोजित EBITDA 1,505 करोड़ रुपये रहा। इसके क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Blinkit ने इंस्टामार्ट की तुलना में दोगुना GOV प्राप्त किया। FY27 तक Blinkit में 72% CAGR बढ़त की उम्मीद जताई गई है।
ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक, दोनों कंपनियां तेजी से बढ़ते हुए बाजार में मजबूत स्थिति में कायम हैं। जोमैटो के Hyperpure और GoingOut सेगमेंट में निवेश को भी पॉजिटिव माना गया है। वहीं, Swiggy का वैल्यूएशन अब जोमैटो की अपेक्षा प्रतिस्पर्धी होता जा रहा है।
नोट:- शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।