(WhatsApp New Feature/ Image Credit: Pixabay)
WhatsApp New Feature: WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक नया और बड़ा फीचर तैयार कर रहा है। जो चैटिंग का तरीका पूरी तरह बदल सकता है। इस अपडेट का मकसद इनबॉक्स को साफ रखना और यूजर्स को अनचाहे बिजनेस और प्रमोशनल मैसेज से राहत देना है। इस फीचर से चैट अनुभव पहले से ज्यादा आसान और व्यवस्थित हो जाएगा।
नए फीचर के तहत सभी बिजनेस मैसेज 24 घंटे बाद अपने आप एक अलग सेक्शन में चले जाएंगे। इसका मतलब है कि प्रमोशनल और ऑफर वाले मैसेज मुख्य चैट लिस्ट में नहीं दिखेंगे। हालांकि यूजर्स चाहें तो कुछ जरूरी बिजनेस चैट्स को मुख्य लिस्ट में भी रख सकेंगे। यह सुविधा पूरी तरह यूजर के कंट्रोल में होगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर व्हाट्सएप के एंड्रॉयड बीटा वर्जन 2.26.15.9 में देखा गया है और अभी डेवलपमेंट स्टेज में है। इसमें खासतौर पर उन मैसेज को अलग किया जाएगा जो बिजनेस, ऑफर और मार्केटिंग अपडेट से जुड़े होते हैं। चैट अपने आप आर्काइव जैसी एक अलग जगह पर शिफ्ट हो जाएगी। जिससे मैन्युअल सॉर्टिंग की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस बदलाव से यूजर्स का इनबॉक्स साफ और व्यवस्थित रहेगा। जरूरी पर्सनल चैट ढूंढना आसान हो जाएगा और अनचाहे मैसेज से छुटकारा मिलेगा। यह फीचर खासकर उन लोगों के लिए उपयोगी होगा जो लगातार प्रमोशनल मैसेज से परेशान रहते हैं। कंपनी पहले इसे बीटा यूजर्स के लिए जारी करेगी, उसके बाद धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचाया जाएगा।