MP CG SIR/ image source: ani news file
MP-CG Final Voter List: भोपाल: मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद आज अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होने जा रहा है, जिससे दोनों राज्यों की सभी विधानसभा सीटों में मतदाताओं की वास्तविक स्थिति साफ हो जाएगी। छत्तीसगढ़ में जहां लाखों नाम हटने के बाद कुल मतदाता संख्या में बड़ी कमी दर्ज की गई है और रायपुर सहित कई विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक बदलाव दिख रहा है, वहीं मध्यप्रदेश में भी राजधानी भोपाल समेत कई सीटों पर मतदाता संख्या में उल्लेखनीय गिरावट सामने आई है। दावा-आपत्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी हो रही यह फाइनल सूची आगामी चुनावी समीकरणों पर सीधा असर डालने वाली मानी जा रही है।
छत्तीसगढ़ में SIR के बाद आज अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। राज्य में SIR से पहले कुल 2 करोड़ 12 लाख मतदाता दर्ज थे, जबकि पहले आए रिपोर्ट में 27.34 लाख से अधिक नाम हटाए जाने के बाद संख्या घटकर लगभग 1 करोड़ 84.95 लाख रह गई थी। दावा-आपत्ति प्रक्रिया में करीब 2.95 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनके निराकरण के बाद आज फाइनल लिस्ट जारी हो रही है। राजधानी रायपुर जिले में सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां SIR से पहले लगभग 20 लाख मतदाता थे और अंतिम सूची में यह संख्या घटकर करीब 14.92 लाख रह जाएगी, यानी 5 लाख से अधिक नाम कट रहे हैं। विधानसभा क्षेत्रों में रायपुर ग्रामीण से लगभग 2.45 लाख, धरसीवा और आरंग से करीब 2.12-2.12 लाख, अभनपुर से लगभग 2 लाख तथा रायपुर उत्तर से करीब 1.94 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जाने का अनुमान है।
वहहीं, आज मध्यप्रदेश की भी अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी, जिससे प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों में मतदाताओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। शाम 4:30 बजे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी देंगे। राजधानी भोपाल में मतदाता संख्या में बड़ा बदलाव सामने आया है, जहां दो विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख से कम रह गई है। प्रतिशत के हिसाब से भोपाल दक्षिण-पश्चिम में 26.05%, मध्य में 25.28%, नरेला में 20%, उत्तर में 17.62%, गोविंदपुरा में 20.15% और हुजूर विधानसभा में 13.43% मतदाता कम हुए हैं, जिससे शहर की चुनावी गणित पर महत्वपूर्ण असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।