पुलिस दबिश के दौरान अधिवक्ता की मौत के मामले में 10 पुलिसकर्मियों पर मामला दर्ज

पुलिस दबिश के दौरान अधिवक्ता की मौत के मामले में 10 पुलिसकर्मियों पर मामला दर्ज

पुलिस दबिश के दौरान अधिवक्ता की मौत के मामले में 10 पुलिसकर्मियों पर मामला दर्ज
Modified Date: March 3, 2024 / 10:26 pm IST
Published Date: March 3, 2024 10:26 pm IST

आगरा, तीन मार्च (भाषा) आगरा में पुलिस दबिश के दौरान कथित रूप से आठवीं मंजिल से गिरकर अधिवक्ता सुनील शर्मा की मौत के मामले में न्यू आगरा थाने के प्रभारी राजीव कुमार तथा चौकी प्रभारी अनुराग सिंह को निलंबित कर दिया गया है और इन दोनों समेत कुल 10 पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, अधिवक्ता सुनील शर्मा के खिलाफ न्यू आगरा थाना क्षेत्र में बंधक बनाकर जबरन बैनामा कराने का मुकदमा दर्ज हुआ था जिसके बाद आरोपी अधिवक्ता को पकड़ने के लिए शुक्रवार रात को पुलिस ने अपार्टमेंट में दबिश दी थी। पुलिस ने कहा कि इस दौरान अधिवक्ता की कथित रूप से आठवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी।

मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने उनके पति को फ्लैट से नीचे फेंककर उनकी हत्या कर दी। उनकी मांग थी कि आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके उनकी गिरफ्तारी की जाए। सुनील की पत्नी की मांग के समर्थन में शनिवार को अधिवक्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया था।

पुलिस उपायुक्त (नगर) सूरज कुमार राय ने बताया कि थाना प्रभारी राजीव कुमार व दयालबाग चौकी के प्रभारी अनुराग सिंह को शनिवार देर रात निलंबित कर दिया गया तथा इन दोनों समेत 10 पुलिसकर्मियों खिलाफ हत्या का नामजद मामला दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।

भाषा सं. नोमान संतोष

संतोष


लेखक के बारे में