Mirzapur Road Accident | Photo Credit: IBC24
मिर्जापुर: Mirzapur Road Accident News उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र स्थित ड्रमंडगंज पहाड़ी इलाके में ट्रक की टक्कर से दो कार में आग लगने के कारण चार बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुए इस हादसे में मारे गए लोगों की पहचान देर रात हुई। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि मध्यप्रदेश से आ रहा चने से लदा ट्रक बड़का मोड़ की पहाड़ी की तेज ढलान पर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया और उसने पहले एक जीप को, उसके बाद आगे चल रही कार को टक्कर मार दी।
Mirzapur Road Accident Newsउन्होंने बताया कि टक्कर के बाद कार आगे जा रहे गिट्टी से लदे ट्रक से टकरा गई, जिससे कार और जीप दोनों में आग लग गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि कारों में सवार लोगों को बाहर निकलने का समय नहीं मिल पाया और सभी जिंदा जल गए। कौशिक के अनुसार मृतकों में प्रियंका सिंह (42), कार्तिकेय सिंह (19), पीयूष सिंह (15), पंकज सिंह (40), बीना सिंह (47), वंदना सिंह (43), शिव सिंह (चार), सोनम सिंह (नौ), विष्णु सिंह (चार), विकास शर्मा (32) और जयप्रकाश (28) शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि हादसे में ट्रक चालक की भी मौत हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 11 मृतकों में से सात मिर्जापुर के, तीन मध्यप्रदेश के और एक सोनभद्र का निवासी था। पुलिस के अनुसार, शव इतनी बुरी तरह झुलस गए थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। देर रात जब परिजन पहुंचे, तब उनकी शिनाख्त हो सकी। उसने बताया कि दुर्घटना के बाद दो कार में लगी आग इतनी भीषण थी कि अग्निशमन दल को इसे काबू करने में दो घंटे से अधिक समय लगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में कई वाहनों की टक्कर में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। मुर्मू ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’’
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
— President of India (@rashtrapatibhvn) April 23, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मिर्जापुर में हुई इस दुर्घटना में लोगों की जान जाने से वे बेहद दुखी हैं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष से मुआवजे का ऐलान किया है। पीएमओ के अनुसार, इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
Deeply anguished by the loss of lives due to the mishap in Mirzapur, Uttar Pradesh. My heartfelt condolences to the bereaved families. Praying for the quick recovery of the injured.
An ex gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to the next of kin of each of those who lost…
— PMO India (@PMOIndia) April 23, 2026