गोरखपुर (उप्र), 21 जून (भाषा) गोरखपुर जिले के गुलरिहा क्षेत्र में पुलिस ने नौ माह की बच्ची से बलात्कार के आरोप में 12 साल के एक लड़के को हिरासत में लिया है।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि गुलरिहा थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई इस घटना में बच्ची शुक्रवार की रात अपनी मां के पास सो रही थी, तभी रात करीब दो बजे वह संदिग्ध हालात में गायब हो गयी।
उन्होंने बताया कि परिजन ने बच्ची की तलाश शुरू की और शनिवार सुबह वह घर से लगभग 500 मीटर दूर एक खेत में बने टिन शेड के पास लहूलुहान हालत में मिली।
सूत्रों ने बताया कि परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले गए, जहां हालत बिगड़ने पर उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि मेडिकल जांच में बच्ची से बलात्कार की पुष्टि हुई है और उसकी हालत गंभीर बतायी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान पुलिस को 12 साल के एक लड़के पर संदेह हुआ जो पीड़िता का रिश्तेदार भी है। उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले चंडीगढ़ से आये उस लड़के से पुलिस ने पूछताछ की तो शुरू में तो उसने गुमराह करने की कोशिश की, मगर बाद में उसने बच्ची से बलात्कार करने का गुनाह कुबूल कर लिया।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि उसने शुक्रवार की रात शराब पी थी और बच्ची को ले जाने से पहले अपने मोबाइल फोन पर अश्लील सामग्री देखी थी।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन में 50 से ज्यादा अश्लील वीडियो मिली हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर क्षेत्र) निमेश पाटिल ने बताया कि बच्ची का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं. सलीम शफीक
शफीक