उप्र: गोरखपुर में ऑटो-रिक्शा चालक पर स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, गिरफ्तार

Ads

उप्र: गोरखपुर में ऑटो-रिक्शा चालक पर स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 1, 2026 / 10:27 PM IST,
    Updated On - August 1, 2026 / 10:27 PM IST

गोरखपुर, एक अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में छठी कक्षा की एक छात्रा से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने के आरोप में 60 वर्षीय ऑटो-रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने शिकायत के हवाले से बताया कि शहर के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाली 12 साल की छात्रा रोजाना दूसरे बच्चों के साथ ऑटो-रिक्शा से स्कूल आती-जाती थी।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद ऑटो चालक प्रदीप पांडेय ने पहले दूसरे बच्चों को उनके घर छोड़ा और फिर छात्रा को स्पोर्ट्स कॉलेज के पास एक सुनसान जगह पर कथित रूप से ले गया।

लड़की की मां द्वारा दर्ज कराई गयी शिकायत में आरोप लगाया गया कि ऑटो-रिक्शा चालक ने उनकी बेटी को गलत तरीके से छुआ और जब उसने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे अपशब्द कहे और धमकी दी कि अगर उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो वह उसे मार डालेगा।

पुलिस के मुताबिक, चिलुआताल थाने में आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पीड़िता परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

गोरखनाथ क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रवि कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के तुरंत बाद आरोपी प्रदीप पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र