देवरिया, 26 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में रविवार को खेलते समय नाले में गिरकर डूबने से दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, महुआडीह थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के रुहिया टोला निवासी श्रवण प्रसाद की बेटी सोनी करीब डेढ़ माह पहले अपने दो वर्षीय बेटे अभिजीत के साथ मायके आई थी।
पुलिस ने बताया कि रविवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे अभिजीत कुर्ना नाले पर बने पुल के पास खेल रहा था और इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नाले में गिर गया।
पुलिस के अनुसार, बेटे को डूबता देख सोनी ने उसकी जान बचाने के लिए तत्काल नाले में छलांग लगा दी लेकिन वह उसे नहीं ढूंढ़ सकी।
इस बीच किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तलाश शुरू की।
पुलिस ने बताया कि कुछ दूरी पर अभिजीत नाले में अचेत अवस्था में मिला। पुलिस ने बताया, “बच्चे को तत्काल देवरिया स्थित महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।”
महुआडीह के थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
भाषा सं सलीम जितेंद्र
जितेंद्र