मुरादाबाद में बस स्‍टेशन से नवविवाहिता अपने पति को चकमा देकर फरार, पुलिस जांच में जुटी

Ads

मुरादाबाद में बस स्‍टेशन से नवविवाहिता अपने पति को चकमा देकर फरार, पुलिस जांच में जुटी

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 01:00 AM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 01:00 AM IST

लखनऊ/मुरादाबाद, 14 मार्च (भाषा) मुरादाबाद जिले के बिलारी थाना क्षेत्र में पति को चकमा देकर एक नवविवाहिता बस स्टैंड से कथित तौर पर भाग गई, घटना के समय युवती का पति उसके लिए ‘पकौड़े’ खरीदने गया था। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना नौ मार्च को मुरादाबाद जिले के बिलारी बस स्टैंड पर हुई, जब अमरोहा ज़िले के प्रीतम सिंह अपनी पत्नी रिमझिम को उसके मायके से वापस लाने गए थे। रिमझिम होली के लिए अपने मायके गई हुई थी। इस जोड़े की शादी पिछले साल दिसंबर में हुई थी।

पुलिस के मुताबिक यात्रा के दौरान, दोनों अपनी अगली बस का इंतज़ार करने के लिए बिलारी बस स्‍टेशन पर उतरे। तब रिमझिम (18) ने अपने पति प्रीतम से कहा कि उसे भूख लगी है और उससे एक स्टॉल से कुछ गरमागरम पकौड़े लाने को कहा। प्रीतम पकौड़े खरीदने चला गया, लेकिन जब वह कुछ मिनट बाद लौटा, तो उसे अपनी पत्नी कहीं नहीं मिली। पहले तो उसे लगा कि वह शायद आस-पास ही कहीं होगी, लेकिन उस इलाके में खोजने और आस-पास के लोगों से पूछने के बाद भी, उसे रिमझिम का कोई सुराग नहीं मिला।

बस स्टैंड पर किसी ने भी उसे वहां से जाते हुए नहीं देखा था। बिलारी के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अशोक कुमार सिंह ने इस घटना की पुष्टि की और कहा कि इस संबंध में एक गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि लापता महिला का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।

भाषा

सं, आनन्‍द रवि कांत