शामली में 50 हजार का इनामी कुख्यात बदमाश मुठभेड़ में मारा गया

शामली में 50 हजार का इनामी कुख्यात बदमाश मुठभेड़ में मारा गया

शामली में 50 हजार का इनामी कुख्यात बदमाश मुठभेड़ में  मारा गया
Modified Date: June 26, 2026 / 10:29 am IST
Published Date: June 26, 2026 10:29 am IST

मुजफ्फरनगर (उप्र), 26 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस से हुई एक मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मारा गया। पुलिस ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार शामली जिले के कांधला थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मारे गए 50 हजार के इनामी की पहचान कैराना थाना क्षेत्र के मोहल्ला आलकला निवासी कुख्यात अपराधी महताब उर्फ बेचैन के रूप में हुई।

अपने भाई के साथ खेत में पानी लगाने जा रहे किसान नरेंद्र को तमंचा दिखाकर वह मोटरसाइकिल लूट कर भाग रहा था।

शामली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एन पी सिंह ने बताया कि घटना कांधला थाना क्षेत्र के दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग पर खंदरावली पुलिस चौकी के पास हुई। महताब अपने साथी के साथ बाइक पर किसान की मोटरसाइकिल लूटकर भाग रहा था। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मेहताब उर्फ बेचैन को गोली लगी, एसआई (उप निरीक्षक) दीप चंद को भी गोली लगी है।

एसपी ने बताया कि दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां महताब को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एसआई दीप चंद का इलाज चल रहा है। पुलिस ने महताब के पास से एक कार्बाइन, एक पिस्तौल और बाइक बरामद की है।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान उसका साथी भाग निकला, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक मेहताब हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली और उप्र के मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली व बागपत में लूट और हत्या के 34 मामलों में वांछित था। वह मार्च में एक महिला आरक्षी से सड़क पर हुई लूट के मामले में भी फरार चल रहा था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

भाषा सं आनन्द वैभव रंजन

रंजन


लेखक के बारे में