लखनऊ में निर्माणाधीन मकान से मलबे की बोरी गिरने से राहगीर की मौत, पुलिस जांच में जुटी

Ads

लखनऊ में निर्माणाधीन मकान से मलबे की बोरी गिरने से राहगीर की मौत, पुलिस जांच में जुटी

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 11:21 AM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 11:21 AM IST

लखनऊ, 27 मई (भाषा) लखनऊ के चिनहट थाना इलाके में एक निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल से मलबे से भरी बोरी गिरने से एक राहगीर की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को बताया कि निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार को चिनहट थाना क्षेत्र के नौबस्ता कला स्थित वसुंधरा विहार इलाके में हुई। नौबस्ता कला निवासी विशाल तिवारी के घर में निर्माण कार्य चल रहा था। सुबह काम के दौरान दूसरी मंजिल से बिना नीचे देखे मलबे से भरी बोरी सड़क पर फेंक दी गई।

बोरी राहगीर अनूप कुमार सिंह (36) पर गिरी। अनूप मूल रूप से देवरिया जिले के कुंडौली के रहने वाले थे और फिलहाल लखनऊ में रहकर एक ऑटोमोबाइल शोरूम में काम करते थे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।

कॉलोनी के लोगों ने घायल अनूप को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्वेद संस्थान पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे अस्पताल पहुंच गए हैं। निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। शव को कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा आनन्द मनीषा

मनीषा