कौशांबी (उप्र), 27 जुलाई (भाषा) कौशांबी जिले के मंझनपुर थानाक्षेत्र में कथित तौर पर पुरानी रंजिश में पिटाई से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश के चलते दो लोगों ने लालचंद सोनकर (25) की रविवार को जमकर पिटाई कर दी जिसके बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और आज इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि नारा गांव की पार्वती देवी ने 26 जुलाई को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके जेठ लालचंद सोनकर रविवार को एक मैकेनिक के यहां मोटरसाइकिल की मरम्मत करवाने गए थे, इसी दौरान वीरेंद्र और मनोज सोनकर ने पुरानी रंजिश के चलते उनके साथ मारपीट की और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्रजापत के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया तथा सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया ।
उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह इलाज के दौरान लालचंद सोनकर की मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम करवाया तथा अब पहले दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाकर विधिक कार्रवाई की गई है।
एसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीम बनाई गई है जो लगातार दबिश दे रही हैं।
भाषा सं आनन्द राजकुमार
राजकुमार