मिर्जापुर, 29 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में एक घर पर आकाशीय बिजली गिरने से होमगार्ड के एक जवान की मौत हो गई जबकि उसके परिवार के छह सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हलिया थानाक्षेत्र के मगरदा गांव में हुई यह घटना रविवार देर शाम उस समय हुई, जब इलाके में तेज बारिश के साथ आंधी आयी थी।
पुलिस ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से पूरा परिवार इसकी चपेट में आ गया।
पुलिस के अनुसार, इस हादसे में रामदुलारे (57) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी, बेटी, बहू और परिवार के तीन अन्य सदस्य झुलस गए।
पुलिस ने बताया कि परिवार की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि रामदुलारे ड्रमंडगंज थाने में होमगार्ड के जवान के रूप में तैनात थे।
उन्होंने बताया कि घायल सभी छह लोगों का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र