प्रतापगढ़ (उप्र), 27 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र में गौ-हत्या और गैंगस्टर अधिनियम के मामलों में वांछित एक आरोपी को पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद हुई। वहीं, दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।
सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी (नगर) प्रशांत कुमार हुड्डा ने सोमवार को बताया कि थाना प्रभारी अभिषेक सिरोही पुलिस टीम के साथ रामगढ़ी-गायघाट रोड पर रविवार रात चमरौधा पुल के निकट जंगल में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे कि इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्धों को उन्होंने रोकने का प्रयास किया।
हुड्डा ने बताया कि इस पर आरोपियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई की जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई।
उन्होंने बताया कि घायल की पहचान सुलेमान निवासी रामपुर कुर्मियान, थाना कंधई, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया और उसका साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
एएसपी ने बताया कि घायल आरोपी सुलेमान के विरुद्ध थाना कंधई में गोवध व गैंगस्टर समेत कुल छह मुकदमे दर्ज हैं। थाना अंतू पुलिस मुठभेड़ के संबंध में विधिक कार्रवाई कर रही है।
भाषा सं आनन्द रंजन
रंजन