गोरखपुर (उप्र), 16 फरवरी (भाषा) गोरखनाथ मंदिर में सुरक्षा जांच के दौरान पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की करने के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार बलिया जिला के नगरा थाना क्षेत्र स्थित चंद्रभान दुबौली गांव निवासी राधेश्याम राजभर (35) रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे मंदिर के दक्षिणी गेट से प्रवेश कर रहा था तभी वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे तलाशी के लिए रोका।
उसने बताया कि जांच के दौरान राजभर कथित तौर पर आपा खो बैठा और अधिकारियों से बहस करने लगा।
पुलिस ने बताया कि हंगामे के कारण मंदिर में आए भक्तों और आगंतुकों की भीड़ जमा हो गई। बाद में राजभर को हिरासत में लेकर गोरखनाथ थाना ले जाया गया।
उसने बताया कि पूछताछ में पता चला कि वह पासपोर्ट जब्त होने के कारण परेशान था और संभवतः हताशा में उसने ऐसा किया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं. सलीम खारी
खारी