गोरखपुर, 18 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को गोरखपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं व अस्पताल की सुविधाओं का जायजा लिया और चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पाठक ने इस दौरान इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण प्रणाली, साफ-सफाई, मेडिकल उपकरणों की उपलब्धता और मरीजों की देखभाल से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने मरीजों और उनके साथ आए लोगों से बातचीत कर इलाज और सुविधाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली।
कई मरीजों ने कुछ शिकायतें कीं, जिस पर पाठक ने अधिकारियों को उन्हें तुरंत दूर करने का निर्देश दिया।
उपमुख्यमंत्री पाठक ने इमरजेंसी वार्ड में एयर-कंडीशनिंग न होने पर नाराजगी जताई और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बिना देरी किए एसी यूनिट लगाने का निर्देश दिया, साथ ही जोर दिया कि मरीजों को कोई तकलीफ नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को सभी पात्र लाभार्थियों के लिए आयुष्मान भारत कार्ड बनवाना सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
पाठक ने इस मौके पर कहा कि जिला अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं से तैयार किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के सरकार के संकल्प को दोहराया। भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र