जम्मू/श्रीनगर, 21 जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर के बड़े हिस्सों में मंगलवार को मूसलाधार बारिश हुई, जिससे नदियां और नाले उफान पर आ गए तथा कई दुकानें और वाहन बह गए। कई इलाकों में लोगों के घरों में भी बारिश का पानी घुस गया।
कठुआ जिले में नदी के बीच फंसे दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि जम्मू संभाग के कई हिस्सों में व्यापक जलभराव की स्थिति रही।
अधिकारियों के अनुसार, रविवार से पुंछ, राजौरी और डोडा जिलों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है और सात लापता हैं। लगातार बारिश, भूस्खलन और अचानक बाढ़ के बढ़े खतरे के कारण सभी प्रमुख तीर्थयात्राएं लगातार तीसरे दिन भी स्थगित रहीं।
उन्होंने बताया कि स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है और जिला प्रशासन, आपदा मोचन दल, पुलिस तथा अन्य एजेंसियां संवेदनशील क्षेत्रों में पूरी तरह सतर्क हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू संभाग में बाढ़ प्रभावित इलाकों से सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जबकि कई अन्य लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं।
बडगाम जिले में मंगलवार को मूसलाधार बारिश के कारण एक नाले का जलस्तर बढ़ने से तेज बहाव में कई दुकानें बह गईं।
अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर घाटी के कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई, जिससे कई जलाशयों और जलधाराओं का जलस्तर बढ़ गया।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश