गोरखपुर, 15 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने गोरखपुर से एक कथित अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार किया है और 380 ‘रोज-रिंग्ड पैराकीट’ (गुलाबी-कंठी तोता) और 200 लाल मुनिया सहित 580 संरक्षित पक्षियों को बचाया है। एसटीएफ ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एसटीएफ द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि आरोपी की पहचान गोरखपुर के राजघाट थाना क्षेत्र के रायगंज उत्तरी निवासी सिराज अहमद के रूप में हुई है, जिसे मंगलवार को एसटीएफ, वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी) और वन विभाग के संयुक्त अभियान के बाद गिरफ्तार किया गया था।
बयान के अनुसार, अहमद के कब्जे से पक्षियों को ले जाने के लिए इस्तेमाल किए गए सात लोहे के पिंजरे भी जब्त किए गए।
एसटीएफ के मुताबिक, उसे संरक्षित वन्यजीवों की अवैध तस्करी में शामिल एक अंतरराज्यीय गिरोह के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ की एक टीम ने गोरखपुर में निगरानी की और मंगलवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे आरोपी के घर पर छापा मारा।
एसटीएफ ने एक बयान में कहा, ‘‘आरोपी के पास 380 ‘रोज-रिंग्ड पैराकीट’ और 200 लाल मुनिया सहित सात लोहे के पिंजरे पाए गए।’’
वन विभाग के अनुसार ये पक्षी संरक्षित प्रजाति में आते हैं।
पूछताछ के दौरान, सिराज ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वह संरक्षित पक्षियों और वन्यजीवों की तस्करी में शामिल एक गिरोह का हिस्सा था।
उन्होंने बताया कि सिराज ने खुलासा किया कि इन पक्षियों को बलरामपुर और लखीमपुर के वन क्षेत्रों से लाया जाता था और बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली सहित अन्य राज्यों में तस्करों को ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।
उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (2022 में हुए संशोधन के साथ) और भारतीय वन अधिनियम, 1927 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बयान के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा जफर सुरभि
सुरभि