बलिया (उप्र), 15 फरवरी (भाषा) बलिया जिले के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र में एक दलित युवक की हत्या के मामले में आरोपी पांच लोगों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दो हत्यारोपी मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हो गए हैं।
पुलिस ने बताया कि रसड़ा कस्बे के गुरगुजपुर के सत्य प्रकाश राम (30) शनिवार को अपराह्न घर आ रहे थे, तभी शराब के ठेके के पास उसका तीन लोगों से विवाद हो गया। इस विवाद के दौरान आरोपियों ने चाकू से वार कर सत्य प्रकाश की हत्या कर दी।
इस मामले में सत्यप्रकाश के भाई ओम प्रकाश की शिकायत पर सवरा गांव के सुंदरम सिंह, राजा सिंह और उमाकांत पांडेय के विरुद्ध हत्या तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की सुसंगत धारा में नामजद मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमवीर सिंह ने रविवार बताया कि एक आरोपी उमाकांत पांडेय को घटना के तत्काल बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने रविवार तड़के लगभग चार बजे नवापुरा-महतवार जाने वाले मार्ग के पास जांच के दौरान मोटरसाइकिल से जा रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा और उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन मोटरसाइकिल चालक बिना रुके पीछे मुड़कर भागने का प्रयास करने लगे।
रसड़ा पुलिस व एसओजी (विशेष अभियान समूह) टीम ने संदिग्धों का पीछा किया। खुद को पुलिस से घिरा देख अपराधियों ने गोलीबारी शुरू कर दी जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस गोलीबारी में घायल हुए हत्याकांड के दो नामजद आरोपियों सुंदरम सिंह उर्फ सत्या सिंह (21) व राज सिंह उर्फ राजा सिंह (24) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बडी पकवल के अनुज सिंह (19) व रानीपुर थाना क्षेत्र के चकिया के अजय खरवार (18) को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों घायल अपराधियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिंह के अनुसार पुलिस ने अपराधियों के पास से देशी तमंचा, कारतूस, दो मोटरसाइकिल व घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद की है।
भाषा सं आनन्द शोभना सुरभि
सुरभि