‘आजाद’ होने के बाद अजय राय ने किये रामलला के दर्शन, चढ़ावा ‘गबन’ प्रकरण को लेकर साधा सरकार पर निशाना

'आजाद' होने के बाद अजय राय ने किये रामलला के दर्शन, चढ़ावा ‘गबन’ प्रकरण को लेकर साधा सरकार पर निशाना

‘आजाद’ होने के बाद अजय राय ने किये रामलला के दर्शन, चढ़ावा ‘गबन’ प्रकरण को लेकर साधा सरकार पर निशाना
Modified Date: July 1, 2026 / 12:18 am IST
Published Date: July 1, 2026 12:18 am IST

लखनऊ, 30 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने मंगलवार को लगभग 24 घंटे की नजरबंदी से आजादी मिलने के बाद अयोध्या के राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना की।

अयोध्या प्रशासन ने राय को लगभग 24 घंटे तक नजरबंद रखा, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

राय ने राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में पूजा—अर्चना करने के बाद राम मंदिर के लिए मिले चंदे में कथित हेराफेरी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इस मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है। उन्होंने कहा, ”राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों की जांच होनी चाहिए।”

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राम मंदिर ट्रस्ट को भंग करने की मांग करते हुए कहा कि ट्रस्ट में शंकराचार्यों, संतों और अयोध्या के निवासियों को जगह मिलनी चाहिए।

इससे पहले, राम मंदिर में धन के कथित गबन को लेकर चल रहे विवाद के बीच राय की अगुवाई में कांग्रेस के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के मंगलवार को अयोध्या का दौरा करने और राम मंदिर में पूजा करने का कार्यक्रम था। इस प्रतिनिधिमंडल में अमेठी से पार्टी सांसद किशोरी लाल शर्मा, सीतापुर से सांसद राकेश राठौर, प्रयागराज से सांसद उज्ज्वल रमण सिंह और बाराबंकी से सांसद तनुज पुनिया के अलावा अन्य लोग भी शामिल थे।

राय ने अयोध्‍या से मंगलवार को दूरभाष पर ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा, ‘‘मंगलवार के कार्यक्रम के लिए अयोध्या पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें तुरंत ‘हाउस अरेस्ट’ (नजरबंद) कर लिया।’’ हालांकि, उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें राम मंदिर जाने की इजाजत नहीं मिलती, वे अयोध्या नहीं छोड़ेंगे।

राय ने कहा, ”यह कैसी सरकार है जो हमारे राम मंदिर जाने से डरती है।”

राय ने कहा कि उन्हें मंगलवार के कार्यक्रम के लिए अयोध्या पहुंचने के तुरंत बाद सोमवार आधी रात को एक अतिथि गृह में ले जाया गया था।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की पत्नी ने इस पर चिंता जताई थी।

हालांकि राय यह पक्के तौर पर नहीं बता पाए कि उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है या ‘नजरबंद’ किया गया है।

राय ने कहा, ”मेरे दल के कई सदस्य जो आज के कार्यक्रम के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से आ रहे थे, उन्हें रोका गया, गिरफ्तार किया गया या उनके घरों में ही रोक दिया गया।”

हालांकि पुलिस की ओर से इस बात की तुरंत कोई पुष्टि नहीं हुई कि राय को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया या नहीं।

अजय राय ने इस बीच मंगलवार को भारतीय युवक कांग्रेस के ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा किया जिसमें कहा गया ”आज कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल प्रभु श्री राम के दर्शन के लिए अयोध्या जा रहा था, लेकिन भाजपा सरकार ने उप्र कांग्रेस अध्यक्ष अजय रा जी समेत प्रतिनिधिमंडल को हाउस अरेस्ट कर लिया।”

पोस्‍ट में सवाल उठाया गया है कि ‘‘आखिर प्रभु श्री राम के भक्तों से इतना डर क्यों? जय श्री राम।’’

अयोध्या से मिली खबर के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राम जन्मभूमि मंदिर की ओर मार्च किया लेकिन पुलिस ने टेढ़ी बाज़ार में उन्हें रोकने के लिए बल का इस्तेमाल किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस झड़प के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। कांग्रेस की पूर्व राज्यसभा सदस्‍य आलिया ज़ुबैरी, युवा ज़िला अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ‘रानू’ को भी हिरासत में ले लिया गया।

इस बीच, प्रयागराज से कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमन सिंह को भी उनके अशोक नगर स्थित आवास से बाहर निकलने से रोका गया।

भाषा सं. आनन्द सलीम अमित

अमित


लेखक के बारे में