नोएडा में घरेलू सहायिकाओं का विरोध प्रदर्शन, अखिलेश ने साधा भाजपा सरकार पर निशाना

नोएडा में घरेलू सहायिकाओं का विरोध प्रदर्शन, अखिलेश ने साधा भाजपा सरकार पर निशाना

नोएडा में घरेलू सहायिकाओं का विरोध प्रदर्शन, अखिलेश ने साधा भाजपा सरकार पर निशाना
Modified Date: April 14, 2026 / 07:50 pm IST
Published Date: April 14, 2026 7:50 pm IST

लखनऊ, 14 अप्रैल (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नोएडा में श्रमिकों के आंदोलन के बाद घरेलू सहायिकाओं के विरोध प्रदर्शन के मामले में मंगलवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार तो महंगाई बढ़ाने के सिवा और कुछ करेगी नहीं।

श्रमिकों का आंदोलन शांत होने के बाद मंगलवार को नोएडा के सेक्टर 121 में सैकड़ों घरेलू सहायिकाओं ने एक प्रीमियम हाउसिंग सोसाइटी के बाहर प्रदर्शन किया।

उन्होंने वेतन बढ़ाने और महीने में चार दिन की छुट्टी समेत कई मांगें रखीं।

सुबह से दोपहर तक चले प्रदर्शन के दौरान कुछ जगहों पर पत्थरबाजी हुई और कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हुए। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।

यादव ने घरेलू सहायिकाओं के विरोध प्रदर्शन से संबंधित एक न्यूज चैनल का वीडियो ‘एक्स’ पर साझा करते हुए कहा, “फैक्टरियों के श्रमिकों के बाद घरों में काम करने वाली सहायिकाएं भी अब सड़कों पर उतर आई हैं। दरअसल ये घरेलू सहायिकाएं हों या मध्य वर्ग के वो अधिकांश परिवार, जिनके घरों में ये काम करती हैं, दोनों ही भाजपा सरकार की गलत नीतियों की वजह से बढ़ रही महंगाई के कारण प्रताड़ित हैं।”

सपा प्रमुख ने पोस्ट में कहा, “दोनों को एक-दूसरे की जरूरत है, इसीलिए सालों-साल से ये नौबत पहले कभी नहीं आई।”

यादव ने उम्मीद जताते हुए कहा, “आशा है दोनों पक्ष एक-दूसरे की मजबूरी और ज़रूरतों को महसूस करके शांति और समझदारी से आपस में समायोजन-समझौता कर सौहार्दपूर्ण रिश्ते फिर से कायम करेंगे क्योंकि भाजपा सरकार तो महंगाई बढ़ाने के सिवा और कुछ करेगी नहीं।”

इससे पहले डीसीपी (मध्य नोएडा) शव्या गोयल ने बताया कि प्रदर्शन क्लियो काउंटी, गढ़ी चौकंडी, सेक्टर 121 और सेक्टर 70 तक सीमित रहा।

उन्होंने कहा, “स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है और कानून व्यवस्था कायम है।”

यादव ने लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील की और चेतावनी दी कि गलत सूचना फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

भाषा आनन्द जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में