संजय निषाद ने पूर्व सांसद फूलन देवी की विरासत का जिक्र कर सपा पर हमला बोला

संजय निषाद ने पूर्व सांसद फूलन देवी की विरासत का जिक्र कर सपा पर हमला बोला

संजय निषाद ने पूर्व सांसद फूलन देवी की विरासत का जिक्र कर सपा पर हमला बोला
Modified Date: September 18, 2026 / 10:18 pm IST
Published Date: September 18, 2026 10:18 pm IST

गोरखपुर (उप्र), 18 सितंबर (भाषा) निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने पूर्व सांसद फूलन देवी की विरासत का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेताओं ने समय-समय पर वंचित समुदायों के साथ धोखा किया और उन लोगों की रक्षा करने में नाकाम रहे, जिन्होंने स्थापित राजनीतिक व्यवस्था को चुनौती दी थी।

बृहस्पतिवार को यहां एक सभा को संबोधित करते हुए निषाद ने फूलन देवी को प्रतिरोध, सामाजिक न्याय और महिला अधिकारों का प्रतीक बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि फूलन देवी के आत्मसमर्पण कर सार्वजनिक जीवन में आने के बाद राजनीतिक नेताओं ने उनकी विरासत का इस्तेमाल किया, लेकिन बाद में उन्हें धोखा दिया।

पूर्व दस्यु सुंदरी फूलन देवी को सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने अपनी पार्टी में शामिल कर 1996 में लोकसभा चुनाव में मिर्जापुर से उम्मीदवार बनाया था।

वह दो बार लोकसभा के लिए सपा के चुनाव चिह्न पर विजयी हुईं। जुलाई 2001 में मात्र 37 साल की उम्र में दिल्ली में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। वह निषाद-मछुआरा समाज से थीं।

भाषा सं आनन्द जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में