बागपत दोहरे हत्याकांड : मुख्य आरोपी वरुण लुहारी का अंतिम संस्कार, दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

बागपत दोहरे हत्याकांड : मुख्य आरोपी वरुण लुहारी का अंतिम संस्कार, दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - June 11, 2026 / 08:46 PM IST,
    Updated On - June 11, 2026 / 08:46 PM IST

बागपत, 11 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत कस्बे में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी का बृहस्पतिवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया।

इससे पहले, पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।

क्षेत्राधिकारी (बड़ौत) अंशु जैन ने बताया कि वरुण लुहारी के परिजनों की तहरीर पर दीपक और राजेश नामक दो व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने पर सहमति जताई।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम बड़ौत में दिल्ली रोड स्थित अपनी कन्फेक्शनरी की दुकान पर बैठे सोहनलाल (55) और उनके पुत्र विकास (30) की वरुण लुहारी तथा उसके साथियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

वारदात के बाद भागने का प्रयास कर रहे वरुण को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया था और उसकी कथित तौर पर पिटाई कर दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए मेरठ भेजा गया, जहां अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार सुबह उसका शव बड़ौत स्थित उसके आवास पर लाया गया।

परिजनों का आरोप है कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ लोग वरुण को गोली मारते हुए दिखाई दे रहे हैं, लेकिन पुलिस ने इस संबंध में प्रारंभिक स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वरुण के पिता बाबूराम को पुलिस ने गलत तरीके से नामजद कर जेल भेज दिया है। इसी के विरोध में परिजनों ने पहले शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था।

काफी देर तक चले हंगामे और पुलिस-परिजनों के बीच वार्ता के बाद पुलिस ने वरुण के चाचा की तहरीर पर दीपक और राजेश के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद बड़ौली रोड स्थित श्मशान घाट में वरुण लुहारी का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

भाषा

सं, राजेंद्र रवि कांत