वाराणसी (उप्र), 29 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को घोषणा की कि भदोही जिले का नाम फिर से संत रविदास नगर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर उठाया गया है, जो समाज सुधारकों व संतों को सम्मान देने की इस सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
वाराणसी में भाजपा का समरसता संकल्प अभियान शुरू करने के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि यह जिला पूर्व में संत रविदास नगर के तौर पर जाना जाता था और इसे फिर से पुराना नाम दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, “संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर, भदोही फिर से संत रविदास नगर के तौर पर जाना जाएगा। हम इस कार्य को पूरा करेंगे।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि महान समाज सुधारकों के नाम पर सार्वजनिक संस्थानों और स्थानों के नाम रखना समाज को एकजुट करने का एक तरीका है।
आदित्यनाथ ने कहा, “जिनके आदर्श बाबर एवं औरंगजेब हैं, वे इसे कभी स्वीकार नहीं करेंगे क्योंकि वे समाज को बांटते हैं। जो लोगों को जोड़ते हैं वे स्थानों के नाम महान हस्तियों के नाम पर रखते हैं।”
उत्तर प्रदेश सरकार ने छह दिसंबर, 2014 को संत रविदास नगर जिले का नाम बदलकर भदोही करने की घोषणा की थी। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने लखनऊ में कहा था कि यह निर्णय तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में लिया गया था।
उन्होंने कहा था कि जिले का नाम बदलने का निर्णय जिला मजिस्ट्रेट की सिफारिश पर किया गया था।
भाषा सं राजेंद्र जोहेब
जोहेब