उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में पेड़ से लटके मिले नवविवाहित दंपति के शव

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में पेड़ से लटके मिले नवविवाहित दंपति के शव

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में पेड़ से लटके मिले नवविवाहित दंपति के शव
Modified Date: July 29, 2026 / 06:32 pm IST
Published Date: July 29, 2026 6:32 pm IST

कुशीनगर (उप्र), 29 जुलाई (भाषा) जिले के हनुमानगंज थाना क्षेत्र के जिंदा छपरा गांव में नवविवाहित दंपति के शव बुधवार को पेड़ से लटके हुए मिले। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, कुशीनगर जिले के हनुमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जिंदा छपरा में दयानिधि भारती के पुत्र रितेश भारती (22) का खड्डा नगर निवासी गोपाल शर्मा की पुत्री पूजा शर्मा (21 ) से प्रेम प्रसंग था और दोनों ने छह महीने पहले अदालत में विवाह किया था।

पुलिस ने कहा कि विवाह के बाद पूजा रितेश के घर रहने लगी थी, हालांकि दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।

पुलिस ने बताया कि बुधवार को दोनों गांव के पास स्थित छठ घाट के निकट आम के बाग में पहुंचे और एक ही पेड़ पर अलग-अलग दुपट्टों से फंदा लगा लिया।

हनुमानगंज थानाध्यक्ष दिग्विजय नारायण राय ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

भाषा सं राजेंद्र जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में