संभल की एक मस्जिद में निर्माण के प्रयास में दो लोग हिरासत में, पुलिस बल तैनात

Ads

संभल की एक मस्जिद में निर्माण के प्रयास में दो लोग हिरासत में, पुलिस बल तैनात

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 07:25 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 07:25 PM IST

संभल (उप्र) 11 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चन्दौसी तहसील के एक गांव में कथित तौर पर मस्जिद के निर्माण का प्रयास करने के आरोप में दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि गांव में पुलिस बल तैनात है और शांति है।

एक अधिकारी ने बताया कि चंदौसी के विसरू गांव में बृहस्पतिवार की देर रात एक मस्जिद में निर्माण का प्रयास किया गया जिसका ग्रामीणों ने विरोध करते हुए पुलिस को सूचित किया। इस सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत ले लिया।

चंदौसी के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) आशुतोष तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को यह सूचना मिली कि पूर्व से ही निर्मित और जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी एक मस्जिद में कुछ निर्माण कार्य हो रहा है। गांव वालों ने उस पर विरोध दर्ज कराया, जिसके चलते शांति व्यवस्था भंग होने की स्थिति आ गई।

तिवारी ने बताया कि वहां पर मैंने पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) और पुलिस बल के साथ दौरा किया और अब शांति व्यवस्था बरकरार है।

उन्होंने कहा कि मस्जिद का मामला विवाद में है और यह अभी उच्‍च न्‍यायालय में विचाराधीन है, जिसमें सुनवाई जारी है। उन्होंने कहा कि मामले में जांच चल रही है और जांच के बाद जो वैधानिक कार्रवाई होगी, की जाएगी।

बहजोई की सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि अवैध तरीके से कल मस्जिद के निर्माण को लेकर विवाद जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी। उन्होंने कहा कि कल मस्जिद में कुछ लोगों ने शांति भंग करने का प्रयास किया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और दो लोग हमारी हिरासत में भी हैं।

उन्होंने कहा कि मस्जिद का मामला अदालत में विचाराधीन है, इसलिए निर्माण कार्य कर शांति भंग का प्रयास किया गया, जिसे पुलिस ने विफल कर दिया। उन्‍होंने कहा कि मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

भाषा सं आनन्द रंजन

रंजन