हरदोई के एसडीएम पर हमले को दुर्भाग्यपूर्ण व चिंताजनक बताया बसपा प्रमुख मायावती ने

हरदोई के एसडीएम पर हमले को दुर्भाग्यपूर्ण व चिंताजनक बताया बसपा प्रमुख मायावती ने

हरदोई के एसडीएम पर हमले को दुर्भाग्यपूर्ण व चिंताजनक बताया बसपा प्रमुख मायावती ने
Modified Date: June 9, 2026 / 03:44 pm IST
Published Date: June 9, 2026 3:44 pm IST

लखनऊ, नौ जून (भाषा) बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने मंगलवार को हरदोई के उप ज़िलाधिकारी (एसडीएम) पर हमले को दुर्भाग्यपूर्ण व चिंताजनक बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं की रोकथाम ज़रूरी है ताकि सरकारी कार्यों में कथित भ्रष्टाचार के साथ-साथ प्रदेश को अराजक तत्वों से बचाया जा सके।

हरदोई जिले के शाहाबाद थानाक्षेत्र के परियल गांव में सोमवार शाम राशन दुकान का निरीक्षण करने गए उप ज़िलाधिकारी (एसडीएम) पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी थी ।

हमले में एसडीएम के सिर में गंभीर चोट आई है। सरकारी गाड़ी पर भी लाठी-डंडों से हमला किया गया। घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात है।

मायवती ने एक्स पर कहा, ”उप्र की राजधानी लखनऊ के पड़ोसी ज़िले हरदोई में एक सरकारी अधिकारी शाहाबाद के एसडीएम सुशील मिश्रा पर सरकारी निरीक्षण के दौरान दबंगों द्वारा ईंट व पत्थर आदि से किया गया जानलेवा हमला तथा उसमें उनके घायल होकर इलाज के लिये अस्पताल में भर्ती होने की ख़बर है, जो दुर्भाग्यपूर्ण ही नहीं बल्कि अति-चिन्ताजनक भी है।”

उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की रोकथाम ज़रूरी है ताकि सरकारी कार्यों में कथित भ्रष्टाचार के साथ-साथ प्रदेश को अराजक तत्वों से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापक जनहित के मद्देनज़र, इस ओर ज़रूर समुचित ध्यान दे।

एसडीएम शाहाबाद सुशील कुमार मिश्र सोमवार शाम परियल के पास बाढ़ चौकी का निरीक्षण कर लौट रहे थे। वापसी में उन्होंने गांव की अन्नपूर्णा राशन दुकान का औचक निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि एक दुकान में राशन और दूसरी में अवैध रूप से परचून की दुकान चल रही थी। एसडीएम ने इस पर आपत्ति जताई तो वहां मौजूद उदयवीर नामक व्यक्ति उनके साथ अभद्रता करने लगा।

जब अधिकारी और कर्मी उदयवीर को हिरासत में लेकर ले जाने लगे तो उसने फोन कर ग्रामीणों को बुला लिया। गाड़ी के गांव से निकलते ही लाठी-डंडों और पत्थरों से लैस भीड़ ने सरकारी वाहन को घेर लिया। ग्रामीणों ने लाठी और डंडों से गाड़ी पर हमला किया और पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान एसडीएम के सिर में चोट लग गई।

घायल एसडीएम को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद ले जाया गया जहां उपचार के बाद उन्हें छुटटी दे दी गयी।

भाषा जफर

मनीषा नरेश

नरेश


लेखक के बारे में