बलिया के सरकारी स्कूलों में यूट्यूबर और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों के प्रवेश पर रोक
बलिया के सरकारी स्कूलों में यूट्यूबर और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों के प्रवेश पर रोक
बलिया, नौ अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में सरकारी और सहायता प्राप्त प्राथमिक विद्यालयों में बाहरी लोगों, यूट्यूबर और ‘सोशल मीडिया चैनलों से जुड़े व्यक्तियों’ के बिना अनुमति प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनीष सिंह ने बताया कि इस संबंध में शुक्रवार को आदेश जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि जिले के बेसिक शिक्षा विद्यालयों के परिसर में अनधिकृत लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पढ़ाई प्रभावित न हो और शिक्षक पेशे की गरिमा बनी रहे।
सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मेरी या सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना किसी भी बाहरी व्यक्ति, यूट्यूबर या सोशल मीडिया चैनल से जुड़े व्यक्ति को विद्यालय परिसर में प्रवेश करने अथवा फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी करने की अनुमति नहीं होगी।’’
उन्होंने बताया कि इस तरह के आदेश कई अन्य जिलों में भी जारी किए गए हैं।
यह निर्देश बैरिया क्षेत्र में हुई एक घटना के कुछ दिन बाद आया है, जिसमें एक सोशल मीडिया चैनल ने कथित रूप से एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में एक शिक्षक को विद्यालय में देर से पहुंचते हुए दिखाया गया था।
सिंह ने कहा कि ऐसे यूट्यूबर और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं की गतिविधियों से पत्रकारों की छवि भी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकृत मीडिया प्रतिनिधि उनसे या संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी से संपर्क करने के बाद विद्यालयों का दौरा कर सकते हैं।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


