वाराणसी के कचहरी चौराहे पर अवैध निर्माण पर बुलडोजर की कार्रवाई

Ads

वाराणसी के कचहरी चौराहे पर अवैध निर्माण पर बुलडोजर की कार्रवाई

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 05:41 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 05:41 PM IST

वाराणसी (उप्र), 24 सितंबर (भाषा) वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने यहां अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कैंट थाना क्षेत्र के कचहरी चौराहे पर एक रेस्तरां पर बृहस्पतिवार को बुलडोजर की कार्रवाई की।

मौके पर उपस्थित सहायक पुलिस अधीक्षक (कैंट) प्रज्ञा पाठक ने बताया कि आज वीडीए और पीडब्ल्यूडी द्वारा कचहरी चौराहे पर जायका रेस्तरां को तोड़ा जा रहा है।

पाठक ने बताया कि वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा काफी समय पहले रेस्तरां को नोटिस दिया गया था, निर्माण नहीं हटाए जाने पर अब बुलडोजर चलाया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई कचहरी चौराहे के आसपास सड़क चौड़ीकरण की योजना से जुड़ी है। कचहरी से संदहा चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण होना है। इसके लिए कचहरी चौराहे और पुलिस लाइन चौराहे पर मार्ग परिवर्तन किया गया है।

इसके पूर्व वाराणसी की दालमंडी की संकरी सड़क को चौड़ा करके यातायात को सुगम बनाने और काशी विश्वनाथ धाम के लिए एक वैकल्पिक और सुगम मार्ग तैयार करने के लिए इस परियोजना के दायरे में आने वाले 170 से अधिक मकानों और कई धार्मिक स्थलों/मस्जिदों को आपसी सहमति, रजिस्ट्री और मुआवजे के आधार पर हटाया जा चुका है।

भाषा सं राजेंद्र

राजकुमार

राजकुमार