झांसी (उप्र), 25 मई (भाषा) झांसी जिले में एक निजी यात्री बस में आग लग गई, लेकिन गनीमत रही कि समय रहते सभी 24 यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह घटना रविवार देर रात दो बजे सीपरी बाजार क्षेत्र में शिवपुरी रोड पर नंदनपुरा के पास उस वक्त हुई जब कानपुर से रतलाम व उज्जैन जा रही यात्री बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई।
बस संचालन से जुड़े कर्मचारी आनंद भदौरिया ने बताया कि बस के स्पीड ब्रेकर पर उछलने पर उसकी लाइट अचानक बंद हो गईं।
उन्होंने बताया कि जांच के लिए बस रोकी तो बैटरी के पास से धुआं निकलता दिखा। इसके बाद तत्काल सभी यात्रियों को बस से नीचे उतार दिया गया और कुछ ही देर में बस में आग लग गई।
भदौरिया ने बताया कि सभी यात्री पहले ही उतर चुके थे, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यात्रियों का सामान जलकर नष्ट हो गया।
अग्निशमन अधिकारी राज किशोर राय ने बताया कि देर रात दो बजकर 10 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी।
उन्होंने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
राय ने बस मालिकों से अपील की कि बस के आगे और पीछे दोनों दरवाजे सक्रिय रखें।
उन्होंने कहा, ‘‘आजकल आमतौर पर यात्री बसों में आगे की ओर केवल एक ही दरवाजा होता है। आकस्मिक स्थिति में भगदड़ की आशंका रहती है। दोनों दरवाजे खुले होने से यात्री जल्दी बाहर निकल सकते हैं और जनहानि को रोका जा सकता है।’’
भाषा सं आनन्द
खारी
खारी