मथुरा में अवकाश पर गए न्यायाधीश के आवास से नकदी, जेवर समेत लाइसेंसी पिस्तौल चोरी

मथुरा में अवकाश पर गए न्यायाधीश के आवास से नकदी, जेवर समेत लाइसेंसी पिस्तौल चोरी

मथुरा में अवकाश पर गए न्यायाधीश के आवास से नकदी, जेवर समेत लाइसेंसी पिस्तौल चोरी
Modified Date: September 7, 2026 / 10:11 pm IST
Published Date: September 7, 2026 10:11 pm IST

मथुरा (उप्र), सात सितंबर (भाषा) मथुरा के भारी सुरक्षा वाले सिविल लाइंस इलाके में स्थित ‘जजेज कम्पाउंड’ से अज्ञात चोरों ने कृष्ण जन्माष्टमी की छुट्टियों में परिवार सहित गृहनगर गए वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी के घर से 25 हजार की नकदी, सोने-चांदी के जेवर एवं उनकी लाइसेंसी पिस्तौल चोरी कर ली। उनकी पत्नी ने इस संबंध में थाना सदर में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी (अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट) की पत्नी प्रिया कुमारी द्वारा रविवार को दी गई शिकायत के अनुसार सदर पुलिस ने मामला दर्ज किया।

उन्होंने शिकायत के हवाले से बताया कि जब वे लोग परिवार सहित हरियाणा में अपने गृह जिला गए हुए थे, उसी बीच अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर उसमें रखी 25 हजार रुपये की नकदी, सोने एवं चांदी से बने लाखों रुपये मूल्य के आभूषण एवं कारतूसों सहित लाइसेंसी पिस्तौल चोरी कर ली।

सीओ ने बताया कि घटना का पता रविवार को उस समय चला जब कूरियर कंपनी का सहायक वहां कोई पैकेट लेकर पहुंचा। उसने घर का ताला टूटा देखा तो फोन कर उन्हें इसकी सूचना दी। परिवार ने कूरियर कंपनी के सहायक से घर के अंदर जाकर वीडियो कॉल के माध्यम से वहां का दृश्य दिखाने को कहा। वीडियो कॉल पर उन्हें बेडरूम व आलमारियों के ताले टूटे पड़े दिखे और कीमती सामान गायब दिखे।

तिवारी ने बताया कि सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा के तहत मामला दर्ज कर सभी फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र कर लिए और जांच शुरू कर दी है।

भाषा सं आनन्द सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में