सीबीएन ने 8,800 नार्कोटिक्स टैबलेट, कोडीन सिरप की 1,269 बोतलें जब्त कीं

Ads

सीबीएन ने 8,800 नार्कोटिक्स टैबलेट, कोडीन सिरप की 1,269 बोतलें जब्त कीं

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 10:22 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 10:22 PM IST

लखनऊ, 27 मई (भाषा) केंद्रीय नार्कोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की उत्तर प्रदेश इकाई ने हरियाणा में एक अभियान के दौरान 8,800 एनआरएक्स टैबलेट और कोडीन फॉस्फेट सिरप की 1,269 बोतलें जब्त की हैं और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

नार्कोटिक्स उपायुक्त (उत्तर प्रदेश इकाई) प्रवीण बाली ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह अभियान सीबीएन की प्रदेश इकाई के बरेली संभाग के अधिकारियों और सीबीएन मुख्यालय के दिल्ली सेल के अधिकारियों द्वारा “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत संयुक्त रूप से चलाया गया।

उन्होंने कहा कि खुफिया सूचना पर सीबीएन की टीम ने सोनीपत के नजदीक मेरठ-खरखोडा राजमार्ग पर एक कार को रोका और एक व्यक्ति को बगैर वैध दस्तावेज के इन दवाओं का परिवहन करने के लिए गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान अधिकारियों ने क्लोनाजेपाम के 2,600 टैबलेट, ट्रामाडोल के 6,200 टैबलेट और कोडीन फॉस्फेट की 1,269 बोतलें बरामद कीं। उन्होंने कहा कि आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है और वाहन को जब्त किया गया है।

भाषा राजेंद्र राजकुमार

राजकुमार