काशी टोल पर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के बाद फायरिंग, मुकदमा दर्ज

Ads

काशी टोल पर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के बाद फायरिंग, मुकदमा दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 01:10 AM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 01:10 AM IST

मेरठ (उप्र), 20 जुलाई (भाषा) मेरठ जिले में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे स्थित काशी टोल प्लाजा पर सोमवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के स्वागत कार्यक्रम के बाद हत्या का प्रयास करते हुए गोली चलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर क्षेत्र) विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता श्वेतांक त्यागी और मनीष तोमर ने आरोप लगाया है कि भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के स्वागत कार्यक्रम के बाद राहुल अधाना, प्रवीण शर्मा और अवनीश गुर्जर नामक व्यक्तियों ने उन पर हमला किया और कार से टक्कर मारने तथा गोलीबारी करने के बाद फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि त्यागी और तोमर की तहरीर पर परतापुर थाने में मुकदमा दर्ज किये जाने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है।

भोंसले ने बताया कि स्वागत समारोह में आए लोगों के बीच विवाद के बाद एक युवक ने गोली चलायी। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।

भाषा सं. सलीम रंजन

रंजन