उच्च शिक्षा में विद्यार्थियों का परिणाम अपेक्षाकृत कम होना चिंता का विषय: राज्यपाल पटेल
उच्च शिक्षा में विद्यार्थियों का परिणाम अपेक्षाकृत कम होना चिंता का विषय: राज्यपाल पटेल
लखनऊ, 11 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को कहा कि उच्च शिक्षा में छात्राओं का प्रदर्शन उत्साहवर्धक है लेकिन छात्रों का अपेक्षाकृत कम परिणाम चिंता का विषय है। जन भवन से जारी बयान के अनुसार, राज्यपाल महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के तृतीय दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रही थीं।
समारोह में 63,071 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं, जिनमें 42,724 छात्राएं और 20,347 छात्र शामिल हैं।
कुल 74 विद्यार्थियों को 88 पदक प्रदान किए गए, जिनमें 48 छात्राएं और 26 छात्र शामिल हैं।
राज्यपाल ने कहा, ‘‘यह प्रसन्नता की बात है कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में हमारी बेटियां निरंतर आगे बढ़ रही हैं। कुल उपाधियों में छात्राओं की भागीदारी लगभग दो-तिहाई है।’’
उन्होंने कहा कि छात्राओं की सफलता का उत्सव मनाने के साथ-साथ छात्रों की शिक्षा और उच्च शिक्षा में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर भी समान गंभीरता से काम करना होगा।
आनंदीबेन ने कहा कि लक्ष्य ऐसा समाज बनाना होना चाहिए, जहां बेटियां और बेटे शिक्षा, कौशल, अनुसंधान तथा रोजगार के क्षेत्र में अपनी पूरी क्षमता का उपयोग कर सकें।
बयान के अनुसार, राज्यपाल को बताया गया कि बड़ी संख्या में युवा रोजगार के लिए बाहर चले जाते हैं, जिसके कारण उच्च शिक्षा में लड़कों की संख्या अपेक्षाकृत कम है।
आनंदीबेन ने विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों को विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए परिसर में प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने विश्वविद्यालयों से राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप कौशल आधारित शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि पद्म विभूषण पंडित हरिप्रसाद चौरसिया ने शिक्षा, साधना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने विश्वविद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए कहा कि संस्थान नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
भाषा आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


