सीतापुर में पड़ोसियों ने लाठी, सरिया से पीट-पीट कर की दंपति की हत्या

Ads

सीतापुर में पड़ोसियों ने लाठी, सरिया से पीट-पीट कर की दंपति की हत्या

  •  
  • Publish Date - August 18, 2023 / 10:01 PM IST,
    Updated On - August 18, 2023 / 10:01 PM IST

सीतापुर (उत्तर प्रदेश), 18 अगस्‍त (भाषा) जिले के हरगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम पड़ोसियों ने लाठी और सरिया से हमला कर दंपति की कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

घटना की सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) मौके पर पहुंचे। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा ने बताया कि हरगांव थाना क्षेत्र के राजेयपुर गांव में पड़ोसियों द्वारा लाठी, सरिया से किए गए हमले में पचास वर्षीय दंपत्ति अब्बास और उनकी पत्नी कमरुल निशा की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शाम में शैलेन्द्र जयसवाल के परिवार ने अब्बास और कमरुल निशा पर हमला कर दिया था जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मिश्रा ने बताया कि कुछ साल पहले अब्बास का बेटा जायसवाल परिवार की लड़की को लेकर भाग गया था। उन्होंने बताया कि घटना के सिलसिले में आरोपी को जेल भेज दिया गया था।

उन्होंने बताया कि वह (अब्बास का बेटा) कुछ दिन पहले जेल से रिहा हुआ था तभी से जायसवाल परिवार बदला लेने के लिए हमले की योजना बना रहा था।

पुलिस ने शैलेन्द्र, सुनील और रामपाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मौके पर पुलिस बल तैनात है और आरोपियों की तलाश जारी है।

भाषा सं आनन्द अर्पणा

अर्पणा