राहुल,सोनिया, प्रियंका व खरगे के खिलाफ राष्ट्र विरोधी बयान के आरोप में अदालत में शिकायत दर्ज

Ads

राहुल,सोनिया, प्रियंका व खरगे के खिलाफ राष्ट्र विरोधी बयान के आरोप में अदालत में शिकायत दर्ज

  •  
  • Publish Date - September 20, 2025 / 10:44 PM IST,
    Updated On - September 20, 2025 / 10:44 PM IST

लखनऊ (उप्र), 20 सितंबर (भाषा) लखनऊ की स्थानीय सांसद/विधायक अदालत में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी व प्रियंका गांधी वाद्रा समेत पार्टी के छह वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ शनिवार को ‘राष्ट्र-विरोधी’ बयान देने के आरोप में शिकायत दर्ज कराई गई।

शिकायत में दावा किया गया है कि दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के उद्घाटन के दौरान, राहुल गांधी ने कहा था कि वह ‘भारत राष्ट्र के खिलाफ लड़ रहे हैं।’

सांसद/विधायक अदालत के विशेष अपर मुख्य दंडाधिकारी (एसीजेएम) आलोक वर्मा ने शिकायत का संज्ञान लिया है और शिकायतकर्ता का बयान दर्ज करने के लिए एक अक्टूबर को सुनवाई निर्धारित की है।

यह शिकायत सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव नृपेंद्र पांडे ने दायर की है। शिकायत में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, राज्यसभा सदस्य के.सी. वेणुगोपाल और जयराम रमेश के नाम शामिल हैं।

इसमें आरोप लगाया गया है कि 15 जनवरी को, कोटला रोड स्थित नए कांग्रेस मुख्यालय, इंदिरा भवन के उद्घाटन के दौरान राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा था कि वह अब भाजपा, आरएसएस और भारत राष्ट्र के विरुद्ध लड़ रहे हैं।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अन्य सभी आरोपी उस कार्यक्रम में मौजूद थे और उन्होंने राहुल गांधी के बयान का विरोध न करके, अपनी मौन सहमति प्रदान की, जिससे वे भी इसमें शामिल हो गए।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यह बयान ‘बेहद संतुलित मानसिकता’ के साथ, ‘देश को अस्थिर करने के लिए जानबूझकर’ दिया गया था और यह ‘विभाजनकारी’ है।

शिकायत में दावा किया गया है कि राहुल गांधी अपने किसी खास खतरनाक उद्देश्य और मकसद के लिए देश की सभी प्रतिष्ठित संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर अनावश्यक रूप से सवाल उठा रहे हैं, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि वह भारत को “इस्लामी राष्ट्र” बनाने की साजिश कर रहे हैं।

भाषा सं आनन्द नोमान

नोमान