लखनऊ में अपार्टमेंट के खंभों में दरार, प्रशासन ने 24 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला

लखनऊ में अपार्टमेंट के खंभों में दरार, प्रशासन ने 24 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला

लखनऊ में अपार्टमेंट के खंभों में दरार, प्रशासन ने 24 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला
Modified Date: September 28, 2026 / 10:34 pm IST
Published Date: September 28, 2026 10:34 pm IST

लखनऊ, 28 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बारूदखाना गोलागंज इलाके में एक अपार्टमेंट के भूतल पर बने दो-तीन खंभों में दरार आने के बाद जिला प्रशासन और अन्य एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वहां रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी. ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

हालांकि, खंभों में दरार आने की वजह का तत्काल पता नहीं चल सका है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के अधिकारियों का कहना है कि हाल में हुई लगातार बारिश के कारण ऐसा होने की आशंका है।

एलडीए के सचिव एस.पी. सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘एसए अपार्टमेंट के भूतल पर बनी पार्किंग के दो-तीन खंभों में दरारें आ गई थीं। क्षतिग्रस्त खंभों को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं और जैक लगाए गए हैं। अब यह देखना होगा कि इमारत को बचाया जा सकता है या नहीं।’’

उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), लखनऊ नगर निगम और एलडीए की टीमें मौके पर काम कर रही हैं।

सिंह ने कहा, ‘‘लोगों को इमारत से अपना जरूरी और कीमती सामान निकालने में भी मदद की गई।’’

उन्होंने बताया कि खंभों में दरारें पहले ही आ गई थीं, लेकिन इसकी जानकारी सोमवार को मिली।

जिलाधिकारी ने बताया कि यह अपार्टमेंट वर्ष 2010 में बना था और इसमें 24 परिवार रहते हैं। उन्होंने कहा कि अपार्टमेंट में रहने वाला कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है।

इस बीच, सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों में अपार्टमेंट के गेट के पास एक क्षतिग्रस्त खंभा दिखाई दे रहा है।

भाषा

अरुणव, सलीम रवि कांत


लेखक के बारे में