बलिया (उप्र), 17 फरवरी (भाषा) पुलिस ने बलिया जिले के बांसडीह क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान अपराधी के दाहिने पैर में गोली लग गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने मंगलवार को बताया कि बांसडीह पुलिस ने सोमवार की रात साढ़े 11 बजे बांसडीह-सारंगपुर मार्ग के महुआ मोड पर गश्त के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया लेकिन उसने भागने की कोशिश की।
शुक्ला ने बताया कि भागने की कोशिश करते समय व्यक्ति की मोटरसाइकिल फिसल गई और वह सड़क पर गिर गया।
उन्होंने बताया कि स्वयं को घिरता देखकर उसने पुलिस पर गोलियां चला दीं जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और इस दौरान एक गोली उसके दाएं पैर में लगी।
उन्होंने बताया कि बाद में व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।
शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान बांसडीह थाना क्षेत्र के दुही मुसी गांव निवासी दिलीप साहनी (31) के रूप में हुई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसके पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल, देसी तमंचा और कारतूस बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि साहनी ने 11 फरवरी को मोटरसाइकिल चोरी की घटना को अंजाम दिया था। दिलीप के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
भाषा सं. सलीम सिम्मी
सिम्मी